अलीगढ़ः 18 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, फर्रुखाबाद में तैनात पुलिसकर्मी लखेंद्र सिंह और उसका साथी अरेस्ट, 20 अप्रैल को जबरन रोक किया था दुष्कर्म
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 18, 2022 03:39 PM2022-05-18T15:39:38+5:302022-05-18T15:40:27+5:30
पुलिस ने बताया कि यह घटना 20 अप्रैल को हुई थी, जब महिला को उसके गांव के रहने वाले इन दोनों ने उसे गांव के बाहर एक स्थान पर जबरन रोका और उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया।
अलीगढ़ः उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में 18 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पड़ोस के फर्रुखाबाद जिले में तैनात एक पुलिसकर्मी और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 20 अप्रैल को हुई थी, जब महिला को उसके गांव के रहने वाले इन दोनों ने उसे गांव के बाहर एक स्थान पर जबरन रोका और उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। महिला का आरोप हैं कि आरोपियों ने उसे अपराध के बारे में कुछ भी नहीं बताने की धमकी दी थी।
लेकिन इस सप्ताह की शुरुआत में जब उसे पता चला कि घटना का एक वीडियो क्लिप वायरल हो गया है, तो उसने अपने परिवार को इस मामले की जानकारी दी, जिसके बाद सोमवार को रिपोर्ट दर्ज की गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुई और मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस रिपोर्ट में जिन दो लोगों का नाम आया है, उनमें कांस्टेबल लखेंद्र सिंह और उसका दोस्त अमित शामिल है।
गाजीपुर में दहेज के लिए महिला की हत्या, मामला दर्ज
गाजीपुर जिले के सकरा गांव में दहेज के लिए एक महिला की उसके पति और ससुराल वालों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गाजीपुर कोतवाली के सकरा गांव के रहने वाले सुद्धु बिंद के पुत्र मनीष से नंदगंज क्षेत्र के हरखुपुर निवासी अमरदेव ने अपनी पुत्री चंदा की शादी जून 2021 में की थी।
पलिस को मिली शिकायत के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल वाले चंदा पर दबाव बनाने लगे कि वह अपने मायके वालों से बाइक मांगकर लाये। चंदा के पिता का आरोप है कि सोमवार को उसकी पुत्री ने झगड़ा होने की बात बताई थी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी चंदा (22 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, तो वह तुरंत पुत्री के घर पहुंचे।
चंदा के पिता ने कहा कि उन्हें पता चला कि उनकी पुत्री की हत्या कर उसे पंखे से लटका दिया गया। थाना प्रभारी विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मृतका के पति मनीष, ससुर सुद्धु बिंद, देवर आशीष तथा सास के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि हत्या की जांच की जा रही है।