राजकोटः शुभमन गिल की रणजी ट्रॉफी में वापसी बेहद निराशाजनक रही जहां पंजाब का यह खिलाड़ी बृहस्पतिवार को सौराष्ट्र के खिलाफ एलीट ग्रुप बी के मैच में दो गेंदों में खाता खोले बिना आउट हो गया। स्पिनरों की मददगार पिच पर पंजाब और सौराष्ट्र के बाकी बल्लेबाजों को भी काफी संघर्ष करना पड़ा। गिल को बाएं हाथ के स्पिनर पार्थ भुट ने पगबाधा आउट किया और टीम के अन्य बल्लेबाज भी स्पिनरों के सामने टिक नहीं सके। भुट ने 33 रन देकर पांच विकेट लिये। उन्हें अनुभवी भारतीय स्पिनर रविंद्र जडेजा (48 रन पर दो विकेट) और धर्मेंद्र जडेजा (36 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला।
जिससे पंजाब की पहली पारी 139 रन पर सिमट गयी। इससे पहले पंजाब ने सौराष्ट्र को 172 रन पर आउट किया था। पंजाब पहली पारी के बाद सौराष्ट्र से 33 रन पीछे हैं। पंजाब की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ (38 रन पर छह विकेट) और प्रेरित दत्ता (32 रन पर एक विकेट) ने ऑफ-स्पिनर जस इंदर (71 रन पर दो विकेट) के साथ मिलकर सौराष्ट्र के बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया।
गिल के लिए यह पारी बेहद निराशाजनक रही क्योंकि उनके पास हालिया औसत प्रदर्शन के सिलसिले को तोड़ने का अच्छा मौका था। टेस्ट, वनडे, टी20 अंतरराष्ट्रीय और लिस्ट-ए प्रारूप में उनकी पिछली 10 पारियों में सिर्फ दो अर्धशतक आए हैं। उनके भारतीय टीम के साथी रविंद्र जडेजा का भी बल्ले से दिन अच्छा नहीं रहा और वह जस इंदर की गेंद पर छह गेंदों में सात रन बनाकर आउट हो गए।
दिन के खेल में सौराष्ट्र की ओर से सिर्फ जय गोहिल ही ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने स्पिनरों के सामने डटकर मुकाबला किया। उन्होंने 117 गेंदों में 82 रन (नौ चौके, तीन छक्के) की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने इस पिच पर धीमे गेंदबाजों के खिलाफ रक्षात्मक के साथ आक्रामक तेवर अपना कर रन बनाये।
दूसरी पारी में भी सौराष्ट्र की शुरुआत खराब रही और स्टंप्स तक उसने छह ओवर में सिर्फ 24 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। टीम के पास अब 57 रन की बढ़त पर है और पिच के मिजाज को देखते हुए यह हैरानी की बात नहीं होगी अगर मुकाबला दूसरे दिन ही खत्म हो जाए।
ग्रुप तालिका में शीर्ष पर काबिज कर्नाटक ने अलूर (एक) मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को स्टंप्स तक पांच विकेट पर 244 रन पर रोक दिया। मध्य प्रदेश की ओर से वेंकटेश अय्यर ने 135 गेंदों में 87 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार, हिमांशु मंत्री और शुभम शर्मा ने अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
कर्नाटक के लिए लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल और तेज गेंदबाज व्यसाख विजयकुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए। पुणे में गोवा को 209 रन पर आउट करने के बाद महाराष्ट्र ने पहली पारी में बिना विकेट गंवाये 19 रन बना लिये। गोवा के लिए स्नेहल कौथंकर ने 73 रन बनाये लेकिन महाराष्ट्र के लिए जलज सक्सेना ने 79 रन पर छह विकेट लिये। मंगलापुरम में केरल को 139 रन पर आउट करने के बाद चंडीगढ़ ने अर्जुन आजाद (नाबाद 78) और मनन वोहरा (नाबाद 51 रन) की अर्धशतकों के दम पर एक विकेट पर 142 रन बना लिये हैं।
सुदीप ने नाबाद शतक लगाकर वापसी की, बंगाल के चार विकेट पर 340 रन
अनुभवी बल्लेबाज सुदीप चटर्जी ने नाबाद शतक जड़कर बंगाल को बृहस्पतिवार को यहां ग्रुप सी रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन सेना के खिलाफ स्टंप तक चार विकेट पर 340 रन के स्कोर तक पहुंचाया। चोट से वापसी करते हुए इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 226 गेंद की अपनी नाबाद पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया जबकि कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने शानदार 81 रन (152 गेंद) बनाए।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 151 रन जोड़े जिससे सेना बैकफुट पर आ गई। सुदीप के लिए यह उनका 14वां प्रथम श्रेणी शतक था। सलामी जोड़ी बिना किसी परेशानी के खेल रही थी, तभी अभिमन्यु के रन आउट होने से यह भागीदारी खत्म हो गई। अपना 100वां प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे अनुस्तुप मजूमदार 33 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हो गए।
शाहबाज अहमद भी 38 रन बनाकर आउट हो गए। स्टंप तक सुदीप सुमंता गुप्ता 31 रन बनाकर सुदीप के साथ क्रीज पर डटे हैं। बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर मयंक मिश्रा और युवा जन्मेजय जोशी ने मिलकर सात विकेट लेकर मेजबान त्रिपुरा को 266 रन पर ऑल आउट कर दिया। जवाब में उत्तराखंड ने स्टंप तक तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के सात रन बनाए।
पैंतीस वर्षीय मिश्रा ने 59 रन देकर चार विकेट झटके जबकि अपना पहला सत्र खेल रहे 24 वर्षीय गेंदबाज जोशी ने 48 रन देकर तीन विकेट लेकर उत्तराखंड के अनुशासित प्रयास में मदद की। लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक के तुरंत बाद खेल का रुख बदल गया जब मिश्रा ने सफलता दिलाई जिससे विकेटों का पतन शुरू हो गया। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
मिश्रा-जोशी की जोड़ी ने शिकंजा कसा और दोनों ने मिलकर सात विकेट लिए। श्रीदम पॉल ने 123 गेंद में 75 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेलकर पारी को संभाला जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था लेकिन उन्हें मध्यक्रम से सहयोग नहीं मिला। निचले क्रम में स्वप्निल सिंह ने 74 गेंद में 60 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे जिससे त्रिपुरा 250 रन के पार पहुंचा।
शरणदीप के नाबाद शतक से झारखंड ने बनाए एक विकेट पर 279 रन
युवा सलामी बल्लेबाज शरणदीप सिंह के दूसरे प्रथम श्रेणी शतक की बदौलत झारखंड ने बृहस्पतिवार को यहां ग्रुप ए रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन स्टंप तक उत्तर प्रदेश के खिलाफ 86 ओवर में एक विकेट पर 279 रन बना लिए। पहले दिन का खेल खत्म होने पर शरणदीप 269 गेंद में 128 रन बनाकर खेल रहे थे। उनके साथ आर्यमन सेन मौजूद थे जो 126 गेंद में 64 रन बना चुके हें।
उत्तर प्रदेश के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर मेहमान टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। शरणदीप के सलामी जोड़ीदार शिखर मोहन ने भी अच्छा खेलते हुए 123 गेंद में 78 रन बनाए। झारखंड अंक तालिका में तीसरे और उत्तर प्रदेश चौथे स्थान पर है। झारखंड ने अच्छी शुरुआत की। शरणदीप और शिखर की जोड़ी अच्छी लय में दिख रही थी।
शरणदीप और शिखर की दाएं-बाएं हाथ की जोड़ी ने स्ट्राइक रोटेट करते हुए बिना किसी मुश्किल के बाउंड्री लगाई जिससे उत्तर प्रदेश के गेंदबाज दबाव में थे। शरणदीप और शिखर ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े। इसके बाद शरणदीप ने दूसरे विकेट के लिए 132 रन की एक और साझेदारी करके झारखंड की अच्छी शुरुआत को और मजबूत किया।
विदर्भ 25 अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है जबकि आंध्र 22 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। झारखंड के 18 अंक हैं और उत्तर प्रदेश 17 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। सिर्फ जीत ही उत्तर प्रदेश की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदों को जीवंत रख सकती है। मेजबान टीम को रिंकू सिंह की सेवाएं नहीं मिलेगी।
क्योंकि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल हैं। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस सत्र में 341 रन बनाए हैं और लगातार दो मैच में उनके दो शतकों ने उत्तर प्रदेश को पहली पारी की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने में मदद की थी। रिंकू के अलावा ध्रुव जुरेल भी उत्तर प्रदेश की टीम में शामिल नहीं हैं।