भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हुए पहले टेस्ट के पहले दिन 5 विकेट पर 122 रन बनाए। रहाणे 38 और ऋषभ पंत 10 रन पर नाबाद हैं। बारिश की वजह से टी के बाद के सत्र का खेल नहीं हो पाया और मैच जल्दी खत्म करना पड़ा।
टॉस हारकर पहले खेलने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही और उसने 40 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। पृथ्वी शॉ 16 रन, पुजारा 11 और विराट कोहली 2 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक भारत ने 3 विकेट पर 79 रन बनाए। लंच के बाद मयंक अग्रवाल 34 और हनुमा विहारी के 7 रन बनाकर आउट होने से भारत ने अपने 5 विकेट 101 रन पर गंवा दिए।
वहीं न्यूजीलैंड के लिए अपना डेब्यू कर रहे काइल जैमीसन ने भारत के पहले 5 में से 3 विकेट झटके, बोल्ट और साउदी ने एक-एक विकेट लिया।
ये रॉस टेलर का 100वां टेस्ट मैच है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 100 मैच खेलने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।