क्यों सेना की वर्दी पहन पद्म भूषण लेने पहुंचे धोनी, आर्मी को दिए स्पेशल मैसेज में किया खुलासा

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था।

By सुमित राय | Published: April 04, 2018 10:25 AM

Open in App

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्म भूषण से सम्मानित किया। इस दौरान धोनी आर्मी की वर्दी में नजर आए और जवान के अंदाज में मार्च पास्ट कर यह सम्मान हासिल किया। इसके बाद से ही यह सवाल उठ रहे थे कि आखिर धोनी सेना की वर्दी पहनकर क्यों पद्म भूषण सम्मान लेने पहुंचे। अब धोनी ने खुद इस बात का खुलासा किया है।

धोनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटोज शेयर करते हुए बताया है कि आखिर क्यों वो सेना की वर्दी पहनकर पहुंचे थे। इसके साथ ही धोनी ने सेना के जवानों के लिए एक इमोशनल मैसेज भी पोस्ट किया है। बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी को प्रादेशिक सेना ने लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी है।

सेना के जवानों के लिए धोनी ने शेयर किया यह स्पेशल मैसेज

धोनी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'पद्म भूषण सम्मान से नवाजा जाना एक बड़ी बात है और इसे आर्मी की यूनिफॉर्म में रिसीव करना इस खुशी को दस गुना बढ़ा देता है। धोनी ने इस मौके पर सेना के जवानों का भी शुक्रिया किया। उन्होंने लिखा कि जो भी महिला या पुरुष वर्दी में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं और उनके परिवार भी जो कष्ट उठा रहे हैं उसके लिए उनका धन्यवाद। आपकी कुर्बानी की वजह से ही हम लोग खुशी मना पाते हैं और अपने अधिकारों को जी पाते हैं।

धोनी के लिए इसलिए भी खास रहा पद्म भूषण

दिलचस्प बात ये है कि धोनी को जिस दिन यह अवॉर्ड मिला है उसके ठीक सात साल पहले यानी 2 अप्रैल 2011 को उन्होंने छक्का मारकर भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड कप जिताया था। धोनी को भारत सरकार की ओर से 2007-08 में राजीव गांधी खेल रत्न और उसके बाद 2009 में पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। हालांकि, दोनों ही मौकों पर वह सम्मान लेने उपस्थित नहीं हो सके थे। तब उनके पिता पान सिंह और मां देवकी देवी ने राष्ट्रपति भवन जाकर खेल रत्न ग्रहण किया था।

पंकज आडवाणी भी पद्म भूषण से सम्मानित

धोनी के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में दिग्गज बिलियर्ड्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी को भी पद्म भूषण से नवाजा। पंकज आडवाणी का भी बिलियर्ड्स में करियर शानदार रहा है। पिछले साल (2017-18) के बिलियर्ड्स प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड का अवॉर्ड जीतने वाले आडवाणी 2006 और 2010 के एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं। साथ ही कई बार वर्ल्ड चैम्पियन भी रहे हैं। इन दोनों के अलावा इसी साल किदंबी श्रीकांत (बैडमिंटन), सोमदेव देवबर्मन (टेनिस), साइखोम मिराबाइ चानु (कुश्ती), और भारत के पहले पैरालम्पिक गोल्ड मेडल विजेता मुरलीकांत पेटकर को भी देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

क्रिकेट जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

टॅग्स :एमएस धोनीरामनाथ कोविंदपद्म भूषण

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या