IPL 2019, MI vs DC, 3rd Match: ऋषभ पंत की तूफानी पारी, दिल्ली ने मुंबई को 37 रन से हराया

IPL 2019, MI vs DC, Match 3: ऋषभ पंत की तेजतर्रार पारी के दम दिल्ली ने 6 विकेट खोकर 213 रन बनाए। पंत ने 27 गेंदों में 7 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 78 रन कूट डाले।

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: March 24, 2019 7:00 PM

Open in App

आईपीएल-2019 में तीसरा मुकाबला (IPL 2019 Match 3) 24 मार्च को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया, जिसमें दिल्ली ने 37 रन से जीत दर्ज की। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। टारगेट का पीछा करते हुए मुंबई ने 19.2 ओवर में 176 रन ही बना सकी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को पृथ्वी शॉ (7) के रूप में जल्द शुरुआती झटका लगा। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर भी महज 16 रन बनाकर चलते बने। कॉलिन इनग्राम और ऋषभ पंत ने इसके बाद दिल्ली को संभाला। इनग्राम ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि पंत ने 27 गेंदों में 7 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 78 रन कूट डाले। दिल्ली ने पंत की इस पारी के दम विशाल स्कोर खड़ा किया। मुंबई की ओर से मिचेल मैक्कलेनघन को 3 सफलता हाथ लगी। उनके अलावा बुमराह, हार्दिक पंड्या और बेन कटिंग को 1-1 सफलता हाथ लगी।

मुंबई को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। रोहित 13 गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके बाद सूर्यकुमार यादव (2) और क्विंटन डी कॉक (27) भी चलते बने। हालांकि युवराज सिंह दूसरे छोर पर टिके रहे और इस दौरान किरोन पोलार्ड (21) ने भी उनका साथ निभाया। युवराज 35 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा क्रुणाल पंड्या ने भी 32 रन बनाए। चोटिल होने के चलते जसप्रीत बुमराह बल्लेबाज के लिए नहीं आ सके और मुंबई को मैच गंवाना पड़ा।

दिल्ली ने 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और सभी सफल रहे। टीम की ओर से ईशांत शर्मा-कगीसो रबाडा को 2-2 सफलता हाथ लगी। उनके अलावा ट्रेंट बोल्ट, राहुल तेवतिया, कीमो पॉल और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता हाथ लगी। 

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, क्रुणाल पंड्या, युवराज सिंह, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, बेन कटिंग, मिचेल मैक्लेनाघन, रसिख सलाम, जसप्रित बुमराह।

दिल्ली कैपिटल्स: शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), कॉलिन इनग्राम, कीमो पॉल, अक्षर पटेल, राहुल तेवतिया, कगीसो रबाडा, ट्रेंट बाउल्ट, इशांत शर्मा।

टॅग्स :इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)क्रिकेट रिकॉर्डबीसीसीआईदिल्ली कैपिटल्समुंबई इंडियंसआईपीएल 2019

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या