IND vs SA ODI Series: दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया को 31 से हराकर 1-0 की ली बढ़त, कप्तानी में फेल हुए राहुल 

IND vs SA ODI Series: भारत को अंतिम 10 ओवर में 94 रन की दरकार थी और टीम के लिए यह लक्ष्य पहाड़ जैसा साबित हुआ।

By सतीश कुमार सिंह | Published: January 19, 2022 10:16 PM

Open in App
ठळक मुद्देअश्विन ने 53 रन देकर एक विकेट चटकाया। बुमराह रहे जिन्होंने 48 रन देकर दो विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

IND vs SA ODI Series: टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल टॉस के साथ मैच भी हार गए। टेस्ट सीरीज में एक मैच में कप्तानी की थी, उसमें हार का सामना करना पड़ा था। दक्षिण अफ्रीका ने पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बुधवार को यहां भारत को 31 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। 

रेसी वान डेर डुसेन और कप्तान तेंबा बावुमा के विपरीत अंदाज में शतक जड़ा। वान डेर डुसेन (96 गेंद में नाबाद 129, नौ चौके, चार छक्के) और बावुमा (143 गेंद में 110 रन, आठ चौके) के बीच चौथे विकेट की 204 रन की साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 296 रन बनाए।

भारतीय टीम इसके जवाब में शिखर धवन (79), विराट कोहली (51) और शारदुल ठाकुर (नाबाद 50) के अर्धशतक के बावजूद आठ विकेट पर 265 रन ही बना सकी। धवन और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन भी जोड़े। ये दोनों जब तक क्रीज पर थे तब तक भारत का पलड़ा भारी नजर आ रहा था लेकिन इन दोनों के जल्दी जल्दी आउट होने के बाद शारदुल ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। शारदुल ने जसप्रीत बुमराह (नाबाद 14) के साथ 51 रन की अटूट साझेदारी करके हार के अंतर को कम किया।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से एंडिले फेहलुकवायो ने 26, तबरेज शम्सी ने 52 और लुंगी एनगिडी ने 64 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। केशव महाराज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 42 रन देकर एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत ने कप्तान लोकेश राहुल (12) का विकेट जल्द गंवा दिया जो गेंदबाजी का आगाज करने वाले कामचलाऊ स्पिनर ऐडन मार्कराम की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच दे बैठे। धवन शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे। उन्होंने मार्को जेनसन को निशाने पर रखा और उनके पहले चार ओवर में पांच चौके मारे।

कोहली ने मार्कराम पर चौके के साथ खाता खोला और नौवें ओवर में भारत के रनों का अर्धशतक पूरा किया। धवन ने बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज की गेंद पर एक रन के साथ सिर्फ 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। धवन और कोहली ने 25वें ओवर में टीम का स्कोर 137 रन तक पहुंचाया। धवन 26वें ओवर में केशव महाराज की गेंद पर बोल्ड हो गए। बायें हाथ के इस स्पिनर की आफ साइड में पिच हुई गेंद काफी अधिक स्पिन हुई और धवन को छकाते हुए विकेटों में समा गई।

धवन ने 84 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके मारे। कोहली ने महाराज की गेंद पर एक रन के साथ 60 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगले ओवर में शम्सी की गेंद को स्वीप करने की कोशिश में बावुमा को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 63 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे। पंत और अय्यर ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। पंत छह रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब शम्सी की गेंद पर शॉर्ट कवर पर बावुमा ने उनका कैच टपका दिया। अय्यर हालांकि एनगिडी की उछाल लेती गेंद पर डिकॉक को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 17 रन बनाए।

एक गेंद बाद पंत भी फेहलुकवायो की गेंद पर स्टंप हो गए जिससे भारत का स्कोर पांच विकेट पर 182 रन हो गया। पंत ने 16 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर (02) भी एनगिडी की उछाल लेती गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वान डेर डुसेन को कैच दे बैठे। फेहलुकवायो ने रविचंद्रन अश्विन (07) को बोल्ड किया। भारत के 200 रन 39वें ओवर में पूरे हुए। शारदुल ने मैच की अंतिम गेंद पर एक रन के साथ अपना पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 43 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्का मारा।

टॅग्स :भारतीय क्रिकेट टीमकेएल राहुलदक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम
Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या