Highlightsन्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन इंग्लैंड को पारी और 65 रनों से हरा दिया।जीत के बावजूद न्यूजीलैंड को टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट टेबल में कोई अंक नहीं मिला।
तेज गेंदबाज नील वैगनर की घातक गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सोमवार को पहले टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन इंग्लैंड को पारी और 65 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इसके साथ ही यह तय हो गया है न्यूजीलैंड की टीम घरेलू सरजमीं पर लगातार सातवीं सीरीज में अजेय रहेगी।
पहले टेस्ट मैच में जीत के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट टेबल में कोई अंक नहीं मिला। इसको लेकर कई क्रिकेट फैन परेशान हैं और सवाल उठा रहे हैं कि न्यूजीलैंड को कोई प्वाइंट क्यों नहीं मिला, जबकि इससे एक दिन पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया को जीत के बाद प्वाइंट दिए गए।
दरअसल, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। इस कारण न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में जीत के बावजूद भी प्वाइंट टेबल में कोई अंक नहीं मिला।
कैसी है प्वाइंट टेबल की स्थिति
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वाइंट टेबल में भारतीय क्रिकेट टीम नंबर एक पर बनी हुई है और उसके खाते में कुल 360 अंक हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम है, जिसने अब तक 116 अंक हासिल किए हैं। तीसरे और नंबर पर न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टीमें मौजूद हैं, जिनके खाते में 60-60 हैं। पांचवें नंबर पर मौजूद इंग्लैंड के 56 अंक है, जबकि इसके अलावा पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका का खाता भी नहीं खुला है।
टीम | M | W | L | T | D | N/R | PT |
भारत | 7 | 7 | 0 | 0 | 0 | 0 | 360 |
ऑस्ट्रेलिया | 6 | 3 | 2 | 0 | 1 | 0 | 116 |
न्यूजीलैंड | 2 | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 60 |
श्रीलंका | 2 | 1 | 1 | 0 | 1 | 0 | 60 |
इंग्लैंड | 5 | 2 | 2 | 0 | 1 | 1 | 56 |
पाकिस्तान | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | 0 |
वेस्टइंडीज | 2 | 0 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
बांग्लादेश | 2 | 0 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
साउथ अफ्रीका | 3 | 0 | 3 | 0 | 0 | 0 | 0 |
2021 में खेला जाएगा टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल
बता दें कि टेस्ट क्रिकेट को रोचक बनाने के उद्देश्य से आईसीसी ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत की है, जो इस साल 1 अगस्त से शुरू हो चुकी है और टूर्नामेंट का फाइनल जून 2021 में लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। इसमें टॉप-9 टीमों के बीच इस दौरान 27 टेस्ट सीरीज में खेले जाने वाले 71 टेस्ट मैचों के बाद बाद टॉप दो टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा। आईसीसी का मानना है कि इससे टेस्ट मैचों के दर्शकों की संख्या में इजाफा होगा।
टेस्ट चैंपियनशिप में कैसे मिलेंगे अंक
हर सीरीज में कुल 120 अंक होंगे, जो में मैचों के आधार पर तय होंगे। एक-दो टेस्ट मैच की सीरीज में अधिकतम 60 अंक हासिल किए जा सकेंगे, जबकि पांच मैचों की सीरीज में हर मैच से अधिकतम 24 अंक हासिल किए जा सकते हैं। टाई मैचों में जीत के मुकाबले आधे अंक मिलेंगे और मैच ड्रॉ होने पर जीत के एक-तिहाई अंक मिलेंगे।
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप: पॉइंट्स सिस्टम
कितने मैचों की सीरीज | जीतने पर अंक | टाई होने पर अंक | ड्रॉ होने पर अंक | हारने पर अंक |
2 | 60 | 30 | 20 | 0 |
3 | 40 | 20 | 13 | 0 |
4 | 30 | 15 | 10 | 0 |
5 | 24 | 12 | 8 | 0 |
कौन सी टीम खेलेगी कितने मैच
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान भारत की टीम कुल 18 मैच खेलेगी, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम 19 टेस्ट और इंग्लैंड की टीम 22 टेस्ट मैच खेलेगी। टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान साउथ अफ्रीका की टीम 16 टेस्ट, न्यूजीलैंड की टीम 14, श्रीलंका की टीम 13 टेस्ट, पाकिस्तान की टीम 13 टेस्ट, बांग्लादेश की टीम 14 टेस्ट और वेस्टइंडीज की टीम 15 टेस्ट मैच खेलेगी।