Highlightsप्रभाव और मैदानों की स्थिति का आकलन विश्व कप से पहले शानदार तैयारी होगी।पिछले एक सप्ताह से पूरी ताकत से गेंदबाजी कर रहे हैं। फिलहाल संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है।
क्राइस्टचर्चः न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने कहा कि भारत के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले उनकी टीम को तैयारी के लिए उचित मंच प्रदान करेगी। भारत के खिलाफ हाल ही में 2-1 से वनडे श्रृंखला जीतने से उत्साहित न्यूजीलैंड की टीम नागपुर में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में विश्व कप के सह-मेजबान भारत से भिड़ेगी। भारत में कीवी टीम के साथ जुड़ने वाले फर्ग्यूसन ने रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘यह सचमुच बहुत अच्छी तैयारी होगी। मैं जानता हूं कि यह वह मैदान नहीं होंगे जहां हम विश्व कप में खेलेंगे लेकिन वहां खेलने का अनुभव, उसका प्रभाव और मैदानों की स्थिति का आकलन विश्व कप से पहले शानदार तैयारी होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत दुनिया की शीर्ष टीमों में से एक है और घरेलू परिस्थितियों में उसका कोई सानी नहीं है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी वनडे श्रृंखला की तरह ही अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’’ आईपीएल 2026 के लिए पंजाब किंग्स की टीम में शामिल फर्ग्यूसन ने कहा कि वह यूएई में इस महीने की शुरुआत में आईएलटी20 मैच के दौरान पिंडली में चोट से उबर गए हैं।
और पिछले एक सप्ताह से पूरी ताकत से गेंदबाजी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड ने हालांकि पहले मैच के लिए जो टीम घोषित की है उसमें फर्ग्यूसन का नाम नहीं है। वह टी20 विश्व कप के दौरान कुछ दिनों के लिए पितृत्व अवकाश भी ले सकते हैं क्योंकि उनके बच्चे का जन्म 20 फरवरी को होने की उम्मीद है। इस तेज गेंदबाज ने कहा कि उनका फिलहाल संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अब भी फिट महसूस करता हूं। मुझे अब भी लगता है कि मैं टीम में योगदान दे सकता हूं। अगर कभी ऐसा दिन आए जब मैं सुबह उठूं और देखूं कि मैं जीत में योगदान नहीं दे रहा हूं या मुझे लगे कि मैं टीम के लिए खेलने के लायक नहीं हूं तो मैं संन्यास ले लूंगा।’’
भारत के खिलाफ 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में अपना आखिरी वनडे मैच खेलने वाले इस 34 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि वह अब भी 50 ओवर का क्रिकेट खेलने के लिए प्रयासरत हैं। फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘मुझे 50 ओवर का क्रिकेट बहुत पसंद है। टी20 की तुलना में इसी से मुझे थोड़ी ज़्यादा पहचान मिली।’’
चोटिल ब्रैसवेल की फिटनेस पर नजर रखी जाएगी, क्लार्क न्यूजीलैंड टीम के साथ बने रहेंगे
न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि ऑलराउंडर माइकल ब्रैसवेल का भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में खेलना इस बात पर निर्भर करेगा कि वह इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे के दौरान बाएं पैर की पिंडली में लगी मामूली चोट से उबर पाते हैं या नहीं। न्यूजीलैंड ने होल्कर स्टेडियम में भारत को 41 रन से हराकर वनडे श्रृंखला 2-1 से जीती थी।
लेकिन फील्डिंग के दौरान पिंडली में हल्की चोट लगने के कारण ब्रैसवेल गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट की विज्ञप्ति में वाल्टर ने कहा, ‘‘ ब्रैसवेल का उपचार जारी रहेगा और उनकी फिटनेस पर निगाह रखी जाएगी। इसके बाद ही दौरे में उनकी आगे की भागीदारी के बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वनडे श्रृंखला जीतना और इतिहास रचना बेहद खास था।
टीम के शानदार प्रदर्शन की बदौलत हमने कुछ ऐसा हासिल किया जो पहले कभी नहीं हुआ था।’’ वाल्टर ने कहा कि ब्रैसवेल टीम के साथ बने रहेंगे, लेकिन उन्हें जल्दी पूरी फिटनेस हासिल करनी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘माइकल टीम के साथ नागपुर गए हैं लेकिन टी20 श्रृंखला से पहले कम समय बचा है, इसलिए हमें उनकी फिटनेस पर जल्द ही गौर करना होगा।’’
वाल्टर ने यह भी पुष्टि की कि तेज गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क टीम के साथ बने रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इस श्रृंखला के पहले तीन मैचों के लिए हमारे पास पर्याप्त तेज गेंदबाजी विकल्प हों और क्रिस्टियन के लिए भारत के अपने पहले दौरे पर टीम के साथ थोड़ा और समय बिताने का यह एक शानदार अवसर है। उन्होंने वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया।’’