हैरी ब्रूक: टेस्ट क्रिकेट का नया सितारा, 6 टेस्ट, 9 पारी और 100 की औसत, विनोद कांबली को पीछे छोड़ा

अब से पहले टेस्ट क्रिकेट की शुरुआती 9 पारियों में विनोद कांबली ने सबसे ज्यादा 798 रन बनाए थे। ब्रूक अब 807 रनों के साथ सबसे आगे निकल चुके हैं।

By शिवेंद्र राय | Published: February 24, 2023 1:57 PM

Open in App
ठळक मुद्देहैरी ब्रूक ने अब तक केवल 6 टेस्ट मैच खेले हैं हैरी ब्रूक ने 6 टेस्ट की 9 पारियों में 100 से ज्यादा की औसत से अब तक 807 रन बनाए हैंब्रूक इस दौरान 4 शतक भी जड़ चुके हैं

नई दिल्ली: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच का आज पहला दिन था। टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी और उसके गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही भी साबित किया। इंग्लैंड ने पहले 6 ओवर में ही 3 विकेट गंवा दिए और लगा कि टीम शायद पूरे 100 रन भी न बना पाए। यहां से पूर्व कप्तान जो रूट और इंग्लैंड क्रिकेट के नए सितारे हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला। 

बारिश के कारण जब 65 ओवरों के बाद जब पहले दिन काी खेल समाप्च हुआ तब इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 315 रन था। जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच 294 रनों की साझेदारी हुई और रूट 101 रन और हैरी ब्रूक 184 रन पर नाबाद पवैलियन लौटे।

अब बात हैरी ब्रूक की। इंग्लैंड क्रिकेट के नए सितारे हैरी ब्रूक ने अब तक केवल 6 टेस्ट मैच खेले हैं लेकिन उनके आंकड़े किसी महान बल्लेबाज की तरह हैं। हैरी ब्रूक ने 6 टेस्ट की 9 पारियों में 100 से ज्यादा की औसत से अब तक 807 रन बनाए हैं। ब्रूक इस दौरान 4 शतक भी जड़ चुके हैं और मौजूदा मैच में दोहरे शतक से केवल 16 रन दूर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए नाबाद 184 रन बनाने वाले वाले ब्रूक ने भारतीय खिलाड़ी विनोद कांबली का रिकॉर्ड भी तोड़ा।

अब से पहले टेस्ट क्रिकेट की शुरुआती 9 पारियों में विनोद कांबली ने सबसे ज्यादा 798 रन बनाए थे। ब्रूक अब 807 रनों के साथ सबसे आगे निकल चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी नाबाद 184 रनों की पारी में ब्रूक ने कई छक्के भी जड़े। न्यूजीलैंड की तरफ से 35वां ओवर डेरिल मिचेल करने आए। इस ओवर में हैरी ने ऐसा छक्का जड़ा जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। ओवर की चौथी गेंद पर ब्रूक ने खड़े-खड़े सीधे एक शानदार लॉफ्टेड शॉट खेला।

वहीं ब्रूक के साथ दूसरे छोर पर खड़े जो रूट ने टेस्ट का 29वां शतक जड़ा। यह उनके इंटरनेशनल कैरियर का 45वां शतक था। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह जो रूट का पांचवां शतक था। उन्होंने 182 गेंद में 100 रन पूरे किए।

टॅग्स :इंग्लैंड क्रिकेट टीमन्यूजीलैंड क्रिकेट टीमटेस्ट क्रिकेटआईसीसीजो रूटविनोद कांबली
Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या