Asia Cup: मुशफिकुर रहीम ने खेली 144 रनों की पारी, धोनी और संगकारा जैसे दिग्गज बल्लेबाज रह गए पीछे

BAN vs SL: एशिया कप 2018 के पहले मैच में बांग्लादेशी विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम ने धमाकेदार पारी खेली।

By सुमित राय | Published: September 15, 2018 10:32 PM

Open in App

दुबई, 15 सितंबर। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेले गए एशिया कप 2018 के पहले मैच में बांग्लादेशी विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम ने धमाकेदार पारी खेली। रहीम ने शानदार शतक लगाते हुए 150 गेंदों में 144 रनों पारी खेली। रहीम ने अपनी इस पारी के दौरान भारतीय विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी और श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर कुमार संगकारा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।

रहीम के वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी

मुशफिकुर रहीम ने अपनी धमाकेदार पारी में 11 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत बांग्लादेश की टीम 49.3 ओवर में 261 रन बनाने में सफल रही। रहीम ने श्रीलंका के खिलाफ खेली इस पारी में अपने वनडे करियर का सर्वाधिक स्कोर बनाया। इससे पहले उनका बेस्ट स्कोर 117 रन था, जो उन्होंने भारत के खिलाफ बनाया था।

धोनी और संगकारा जैसे दिग्गजों को छोड़ा पीछे

रहीम ने अपनी 144 रनों की पारी के दौरान महेंद्र सिंह धोनी और कुमार संगाकारा जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया। रहीम इसी के साथ एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। रहीम से पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर कुमार संगकारा के नाम था, जिन्होंने साल 2008 के एशिया कप में 127 रन बनाकर बनाया था। वहीं भारतीय विकेटकीपर एमएस धोनी का एशिया कप में सर्वाधिक स्कोर 109 का रहा है।

रहीम ने बनाया एशिया कप का तीसरा बड़ा स्कोर

144 रनों की पारी खेलने के साथ ही मुशफिकुर रहीम एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने नाम है, जिन्होंने साल 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन बनाकर बनाया था। दूसरा सबसे बड़ा स्कोर पाकिस्तान के युनूस खान के नाम है, जिन्होंने साल 2004 में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 144 रन बनाकर बनाया था।

किसी बांग्लादेशी का श्रीलंका के खिलाफ सबसे बड़ी पारी

श्रीलंका के खिलाफ 144 रन बनाने के साथ ही मुशफिकुर रहीम श्रीलंका के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड बांग्लादेशी ओपनर तमीम इकबाल के नाम था, जिन्होंने दांबुला में खेले गए वनडे में 127 रन बनाया था।

टॅग्स :एशिया कपक्रिकेट रिकॉर्डएमएस धोनी

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या