Happy Birthday MS Dhoni: 38 के हुए 'कैप्टन कूल', जानिए महान क्रिकेटर एमएस धोनी के बारे में 38 रोचक तथ्य

MS Dhoni 38th Birthday: महान विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं, जानिए भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले माही के बारे में 38 रोचक तथ्य

By अभिषेक पाण्डेय | Published: July 7, 2019 08:31 AM2019-07-07T08:31:14+5:302019-07-07T08:31:44+5:30

MS Dhoni turns 38, 38 interesting facts about captain cool | Happy Birthday MS Dhoni: 38 के हुए 'कैप्टन कूल', जानिए महान क्रिकेटर एमएस धोनी के बारे में 38 रोचक तथ्य

महान क्रिकेटर एमएस धोनी 38 साल के हो गए हैं

googleNewsNext
Highlightsएमएस धोनी का जन्म 07 जुलाई 1981 को रांची में हुआ था, उनका परिवार मूलत: उत्तराखंड से हैधोनी ने अपना टेस्ट डेब्यू श्रीलंका के खिलाफ दिसंबर 2005 में किया था, संन्यास दिसंबर 2014 में लियाधोनी भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान बनने वाले पहले विकेटकीपर हैं, वह भारत के सबसे सफल कप्तान भी हैं

साल 2004 में टीम इंडिया में एक लंबे बालों वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ने दस्तक दी थी, अपने शुरुआती मैचों में तो वह ज्यादा कुछ कर नहीं पाया, लेकिन जल्द ही अपने दमदार छक्कों और शानदार विकेटकीपिंग से अपनी छाप छोड़ दी। 

इस खिलाड़ी का नाम है-एमएस धोनी- एक ऐसा नाम, जिसे भारत में अब किसी परिचय की जरूरत नहीं है। 

7 जुलाई 1981 को रांची में जन्मे एमएस धोनी को न सिर्फ अपनी शानदार बैटिंग और मैच जिताने की क्षमता के लिए प्रसिद्धि मिली बल्कि धोनी को एक महान कप्तान के तौर पर भी जाना जाता है, जिनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वर्ल्ड कप जीता। मैदान में अपने शांत व्यवहार और संतुलित अंदाज ने उन्हें 'कैप्टन कूल' का निकनेम दिलाया।

भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तान धोनी को 2007 में खेलों को सर्वोच्च सम्मान खेल खत्न से नवाजा गया था। 2009 में उन्हें पद्मश्री और 2018 में उन्हें देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण दिया गया। इसके अलावा 2008 और 2009 में आईसीसी द्वारा उन्हें साल का सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी भी चुना गया था।

एमएस धोनी के 38वें जन्मदिन पर उनसे जुड़े 38 रोचक तथ्य

1.एमएस धोनी का जन्म 07 जुलाई 1981 को रांची में हुआ था और वह हिंदू राजपूत हैं। धोनी का पैतृक गांव उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले स्थित लामगढ़ ब्लॉक का लवाली गांव है।

2.धोनी के पिता पान सिंह रांची स्थित मेकॉन में जूनियर मैनेजमेंट पोस्ट पर थे। .धोनी की एक बहन जयंती गुप्ता और भाई नरेंद्र सिंह धोनी हैं। 

3.धोनी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रांची स्थित डीएवी जवाहर विद्या मंदिर से हासिल की है। उन्होंने बहुत कम उम्र से ही खेलों में भाग लेना शुरू कर दिया था।

4.एमएस धोनी एडम गिलक्रिस्ट के फैन हैं। बचपन में उनके आदर्श सचिन तेंदुलकर, अमिताभ बच्चन और लता मंगशेकर थीं। एमएस धोनी पुराने हिंदी गानों के शौकीन हैं और उनके पसंदीदा गायक हैं किशोर कुमार।

5.धोनी शुरू में फुटबॉलर बनना चाहते थे, वह काफी अच्छे गोलकीपर थे और शुरुआत में बैडमिंटन खेला करते थे। लेकिन कोच केशव बनर्जी ने उन्हें क्रिकेट और विकेटकीपिंग में हाथ आजमाने की सलाह दी।

6.धोनी 2001 से 2003 तक साउथ ईस्टर्न रेलवे के तहत मिदनापुर स्थित खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर टीटीई थे। 

7.धोनी ने अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू 1999-2000 रणजी सीजन में बिहार के लिए असम के खिलाफ किया था और उन्होंने अपनी पहली पारी में 68 रन बनाए थे और उस रणजी सीजन में 5 मैचों में 283 रन बनाए थे।

8.2004 में देवधर ट्रॉफी जीतने वाली ईस्ट जोन की टीम ने पहली बार में धोनी को ये कहते हुए रिजेक्ट कर दिया था कि उनका खेलने का स्टाइल अपरंपरागत है।

9.धोनी को उनके जिस फेमस हेलिकॉप्टर शॉट के लिए जाना जाता है, उसे रांची में एक टेनिस बॉल टूर्नामेंट के दौरान उनके दोस्त संतोष लाल ने सिखाया था।

10.धोनी ने अपना वनडे डेब्यू 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ चट्टगांव में किया था। उस मैच में सातवें नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे धोनी पहली ही गेंद पर रन आउट हो गए थे।  

11.धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से दिसंबर 2004 में संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 90 मैचों में 38.90 के औसत से 6 शतकों और 33 अर्धशतकों की मदद से 4876 रन बनाए।

12.धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी जीती हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।

13.धोनी ने अपने 131 प्रथम श्रेणी मैचों में 36.84 के औसत से 7038 रन बनाए हैं, जिनमें 9 शतक और 47 अर्धशतक शामिल हैं।

14.धोनी भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं, उनकी कप्तानी में भारत ने 27 टेस्ट जीते हैं। यही नहीं वह वनडे (110) और टी20 इंटरनेशनल (41) में भी सबसे सफल भारतीय कप्तान हैं।

15.धोनी ने साक्षी सिंह रावत से 4 जुलाई 2010 में शादी की थी। साक्षी उत्तराखंड के देहरादून की हैं और शादी के समय वह होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही थीं और कोलकाता के ताज बंगाल होटल में ट्रेनी के तौर पर काम कर रही थी। धोनी और साक्षी की बेटी जीवा का जन्म 06 फरवरी 2015 को हुआ था।

16.धोनी कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच (332) खेलने वाले खिलाड़ी हैं।

17.धोनी द्वारा 2005 में जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 183 रन की नाबाद पारी वनडे क्रिकेट में किसी विकेटकीपर द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है।

18.धोनी टी20 इंटरनेशनल में बिना हाफ सेंचुरी के 1000 रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर हैं।

19.धोनी की कप्तानी में ही भारत 2009 में पहली बार टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन बना था। 

20.कप्तानी के लिए धोनी के नाम की सिफारिश सचिन तेंदुलकर द्वारा की गई थी। 2007 में राहुल द्रविड़ के अचानक इस्तीफे के बाद धोनी को कप्तान बनाया गया था।

21.एमएस धोनी को 2011 में भारतीय सेना की मानद कर्नल रैंक बनाया गया था, वह कपिल देव के बाद ये सम्मान पाने वाले दूसरे भारतीय क्रिकेटर बने थे।

22.धोनी ने निचले क्रम पर खेलते हुए भारत के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं। उनके नाम वनडे में सातवें नंबर पर बैटिंग करते हुए दो शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड है। 

23.धोनी टेस्ट क्रिकेट में भारत की कप्तानी करने वाले पहले विकेटकीपर हैं। उन्होंने 2008 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार भारत की कप्तानी की थी।

24. धोनी टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन बनाने वाले और 200 शिकार करने वाले एकमात्र भारतीय विकेटकीपर हैं।

25.एमएस धोनी टेस्ट क्रिकेट में लगातार पांच टेस्ट सीरीज जीतने वाले एकमात्र भारतीय विकेटकीपर हैं, उन्होंने ये कमाल 2008 से 2010 के दौरान किया था।

26.धोनी को उनके पांचवें वनडे में ही बैटिंग में प्रमोट करके तीसरे नंबर पर भेजा गया था। धोनी ने विशाखापत्तन में पाकिस्तान के खिलाफ उस मैच में 123 गेंदों में 148 रन की धुआंधार पारी खेली थी। ये इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका पहला शतक था और ये वनडे में किसी भारतीय विकेटकीपर का सबसे तेज शतक है।

27.धोनी 100 से ज्यादा वनडे जीतने वाले एलन बोर्डर और रिकी पॉन्टिंग के बाद दुनिया के तीसरे कप्तान हैं।

28.धोनी कप्तान के तौर पर सर्वाधिक इंटरनेशनल छक्के (204) लगाने वाले खिलाड़ी हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने अब तक कुल 358 छक्के जड़े हैं।

29.धोनी सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी 70 में से 41 टी20 में भारत को जीत दिलाई। इस लिस्ट में 27 टी20 जीत के साथ डेरेन सैमी दूसरे नंबर पर हैं। साथ ही धोनी भारत के लिए सर्वाधिक टी20 इंटनरेशनल (98) खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।

30.2009 में हैमिल्टन टेस्ट में जीत के बाद धोनी न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट जीतने वाले 33 सालों में पहले भारतीय कप्तान बने थे।

31.धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट में दुनिया में सर्वाधिक स्टम्पिंग करने वाले विकेटकीपर हैं, अब तक वह तीनों फॉर्मेट्स में सर्वाधिक 195 स्टम्पिंग कर चुके हैं। साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में भी सर्वाधिक स्टम्पिंग (33) करने वाले विकेटकीपर हैं।

32.धोनी टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर 5000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं, उन्होंने आईपीएल 11 में आरसीबी के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। साथ ही वह 

33. धोनी ने वनडे में कई बेहतरीन पारियां खेलते हुए भारत को मैच जिताए हैं, उनके नाम वनडे में सबसे ज्यादा 78 बार नॉट आउट रहने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है। 

34.धोनी आईसीसी वनडे रैकिंग के टॉप पर सबसे तेजी से पहुंचने वाले खिलाड़ी हैं, वह महज 42 वनडे खेलने के बाद ही दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए थे। 

35.एमएस धोनी वनडे में 9 बार छक्का लगाकर जीत दिलाने वाले दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं। इनमें से धोनी द्वारा 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में लगाया गया विजयी छक्का सबसे यादगार है, जिसने भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बनाया था।

36.धोनी के जिस लंबे बालों वाले लुक ने फैंस को दीवाना बनाया, वह धोनी ने खुद जॉन अब्राहम से प्रेरित होकर अपनाया था।

37.धोनी को बाइक काफी शौक हैं और उनके पास कई महंगी मोटरसाइकिले हैं। एक बार जॉन अब्राहम ने बताया था कि धोनी के पास 33 बाइक्स हैं। धोनी के बाइक कलेक्शन में यमाहा RD350, हार्ले डेविडसन फैटबॉय, डुकाटी 1098, कावासाकी निंजा एच2 और हेलकैट X132 जैसी शानदार बाइक्स शामिल हैं।

38.एमएस धोनी ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ऑस्ट्रेलिया को किसी सीरीज में वाइटवॉश करने वाले 140 इतिहासों में एकमात्र कप्तान हैं। 2016 में विराट कोहली की दमदार बैटिंग की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से मात दी थी।

Open in app