क्या धोनी IPL इतिहास के अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं? दिलचस्प है इस सीजन में माही का सफर

धोनी आईपीएल-2018 में 286 रन बना चुके हैं। जबकि सीजन के अभी करीब आधे मैच खेले जाने बाकी हैं।

By विनीत कुमार | Published: May 1, 2018 11:27 AM2018-05-01T11:27:22+5:302018-05-01T11:29:18+5:30

is ms dhoni in best form in ipl 2018 csk captain records and stats of ipl history | क्या धोनी IPL इतिहास के अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं? दिलचस्प है इस सीजन में माही का सफर

MS Dhoni

googleNewsNext

नई दिल्ली, 1 मई: मौजूदा क्रिकेट जगत के सबसे बेहतरीन फिनिशर और विकेटकीपर माने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी के आलोचक भले ही उनकी बढ़ती उम्र पर बात करते रहें, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर माही का लगातार प्रदर्शन साबित करता रहा है कि उनमें अब भी काफी क्रिकेट बाकी है। आईपीएल का मौजूदा सीजन और इसमें धोनी के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन ने एक बार फिर इस साबित किया है। 

कभी इंटरनेशनल स्तर पर टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट की सफलतापूर्वक कमान संभाल चुके धोनी अब केवल आईपीएल में ही कप्तानी करते नजर आते हैं। इस बार के आईपीएल में वह बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं और कई मौकों पर अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में क्या कहा जा सकता है कि 36 साल के धोनी आईपीएल इतिहास में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर आ रहे हैं। आईए, नजर डालते हैं आईपीएल में धोनी के पुराने रिकॉर्ड्स और मौजूदा सीजन के परफॉर्मेंस पर।

धोनी का आईपीएल-2018 का सफर

चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान धोनी ने इस सीजन में 8 मैच खेले हैं। खास बात ये कि इस सीजन में केवल आखिरी पांच ओवरों (16-20) में धोनी का स्ट्राइक रेट 228.37 का रहा है। जबकि इससे पहले धोनी का आईपीएल के पूर्व के 10 सीजन में स्ट्राइक रेट 176.38 का रहा है। यह दिखाता है कि धोनी इस बार आईपीएल में दबाव के क्षणों में ज्यादा निखरे हुए और बेहतर पारियां खेलते नजर आ रहे हैं। (और पढ़ें- IPL 2018: दिल्ली के खिलाफ धोनी की आतिशी पारी, गंभीर को पीछे छोड़ बना डाला ये रिकॉर्ड)

धोनी का आईपीएल में अब तक का सफर

धोनी के रिकॉर्ड्स को भी देखें तो इस साल 8 आईपीएल मैचों में माही 4 बार नॉट आउट रहे हैं। इससे पहले के आईपीएल सीजन में केवल 2014 में ऐसा हुआ है जब धोनी 16 मैचों में 10 बार नॉटआउट लौटे हैं। जबकि पांच सीजन (2016, 2015, 2013, 2012, 2009) में वह पांच-पांच बार नाबाद लौटे हैं।

धोनी इस सीजन में तीन फिफ्टी लगा चुके हैं जो कि किसी एक आईपीएल सीजन में उनकी दूसरी सबसे ज्यादा फिफ्टी है। उनका उच्चतम स्कोर 79 (नाबाद) रहा है, जो उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेला था। हालांकि, यह मैच चेन्नई की टीम 4 रनों से हार गई थी। इसके बावजूद उन्हें रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ 70 रनों की मैच जीताने वाली पारी खेली और फिर दिल्ली के खिलाफ भी 51 रन बनाए। पिछले आईपीएल सीजन की बात करें तो धोनी ने केवल एक बार 2013 में चार अर्धशतक लगाए थे। ज्यादातर सीजन में उन्होंने दो या एक फिफ्टी लगाई है। आईपीएल में उनके नाम कोई शतक नहीं है।

खासबात ये भी कि धोनी आईपीएल-2018 में 286 रन बना चुके हैं। जबकि सीजन के अभी करीब आधे मैच खेले जाने बाकी हैं। धोनी का किसी एक आईपीएल सीजन में उच्चतम स्कोर 392 का है जो उन्होंने 2011 में बनाए थे। इस लिहाज से देखें तो वह अगले 8 या 9 मैचों में इस आंकड़े को पार कर सकते हैं। (और पढ़ें- RCB Vs MI: मुंबई और RCB में मुकाबला, हारने वाली टीम के लिए प्लेऑफ की दौड़ होगी मुश्किल)

Open in app