मुंबई: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। उनके खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पत्नी की शिकायत पर ये एफआईआर दर्ज हुई है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि कांबली ने शराब के नशे में उनके साथ अभद्रता के साथ बात की, गाली-गलौज किया और मारपीट की। मुंबई पुलिस की ओर से ये जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कांबली ने पत्नी पर कुकिंग पैन से किया हमला
पुलिस को दी गई शिकायत में एंड्रिया ने आरोप लगाया है कि विनोद कांबली ने शराब के नशे उन्हें कुकिंग पैन का हैंडल फेंककर मारा। इस वजह से उनके सिर में चोट लग गई। ये घटना शुक्रवार दोपहर 1 बजे से 1.30 बजे के बीच हुई।
एंड्रिया ने कहा है कि कांबली शराब के नशे में बांद्रा स्थित फ्लैट पहुंचे और गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद कुकिंग पैन का हैंडल फैंककर मारा।
पत्नी के अनुसार इस झगड़े को कांबली और एंड्रिया के 12 साल के बेटे ने भी देखा। एंड्रिया ने कहा है कि कांबली ने कुकिंग पैन फेंककर मारने के बाद बल्ला भी चलाया। बता दें कि इससे पहले पिछले साल भी कांबली विवादों में उस समय आए थे जब उन्होंने शराब के नशे में अपनी गाड़ी से एक दूसरी गाड़ी को टक्कर मार दी थी। उस समय पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था।