त्योहारों और छुट्टियों पर किराया बढ़ाकर यात्री से जमकर कमाई?, मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा-अवैध बुकिंग ऐप्स पर सख्ती करने की तैयारी?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 13, 2026 18:07 IST2026-05-13T18:06:05+5:302026-05-13T18:07:00+5:30
Maharashtra Government: समिति का उद्देश्य निजी बस सेवाओं और अवैध बुकिंग ऐप्स से संबंधित शिकायतों का समाधान करना तथा दीर्घकालिक सुझाव देना है।

file photo
मुंबई:महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मनमाने ढंग से किराया बढ़ाने वाले और अनधिकृत यात्री बुकिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे निजी बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। सरनाईक ने मंत्रालय की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए चार-सदस्यीय एक विशेष समिति के गठन की घोषणा की, जिसमें संयुक्त परिवहन आयुक्त के अलावा गैर-सरकारी संगठन 'सुराज्य अभियान' के तीन प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस समिति का उद्देश्य निजी बस सेवाओं और अवैध बुकिंग ऐप्स से संबंधित शिकायतों का समाधान करना तथा दीर्घकालिक सुझाव देना है।
मंत्री ने बताया कि समिति किराये में बढ़ोतरी को नियंत्रित करने, अनधिकृत ऐप्स पर रोक लगाने और यात्रियों की शिकायतों के लिए तंत्र को मजबूत करने पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निजी यात्री परिवहन संचालकों द्वारा, विशेष रूप से त्योहारों और छुट्टियों के समय, किराये में अवैध वृद्धि की शिकायतों को गंभीरता से ले रही है।
सरनाईक ने कहा, ‘‘यात्रियों का आर्थिक शोषण करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में यात्रियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’ मंत्री के मुताबिक, निजी परिवहन कंपनियों के अनधिकृत मोबाइल ऐप्स के जरिये बुकिंग करने तथा यात्रा के व्यस्त समय के दौरान मनमाना किराया वसूलने की कई शिकायतें मिली हैं।
उन्होंने अधिकारियों को बस अड्डों पर संचार व्यवस्था मजबूत करने तथा सभी डिपो में यात्री सहायता के लिए संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। सरनाईक ने परिवहन विभाग को आधिकारिक तौर पर परिवर्तित नाम वाले गांवों के संबंध में एक परिपत्र जारी करने और सरकारी संवाद में व्याकरण की दृष्टि से शुद्ध मराठी भाषा का इस्तेमाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बसों और बस अड्डों पर गंदगी की शिकायतों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि साफ-सफाई के मानकों में स्थायी सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी एमएसआरटीसी बस अड्डों पर एक जून से यात्रियों के लिए शौचालय निःशुल्क किये जाने की घोषणा की।