Budget 2023: टैक्स में छूट की उम्मीद, महंगे लोन से राहत! चुनावी साल से पहले इस बजट में क्या कुछ हो सकता है खास?

By विनीत कुमार | Published: January 31, 2023 09:32 PM2023-01-31T21:32:20+5:302023-01-31T21:32:20+5:30

नरेंद्र मोदी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में आखिरी पूर्ण बजट पेश करने जा रही है। अगले साल चुनाव होने हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार बजट के माध्यम से राहत देकर आम लोगों को खुश करने की कोशिश कर सकती है।

Budget 2023: Tax exemption expected, relief from expensive loans, know what to watch | Budget 2023: टैक्स में छूट की उम्मीद, महंगे लोन से राहत! चुनावी साल से पहले इस बजट में क्या कुछ हो सकता है खास?

निर्मला सीतारमण बुधवार को पेश करेंगी बजट (फाइल फोटो)

Highlightsनिर्मला सीतारमण बुधवार को आम बजट पेश करेंगी, सुबह 11 बजे संसद में किया जाएगा पेश।नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में यह आखिरी पूर्ण बजट होगा, अगले साल हैं लोकसभा चुनाव। चुनावी साल होने की वजह से इस बार आम लोगों की उम्मीदें बजट से काफी बढ़ गई हैं।

नई दिल्ली: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह आखिरी पूर्ण बजट है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार सुबह 11 बजे आम बजट संसद में पेश करेंगी। चुनावी साल होने की वजह से इस बार आम लोगों की उम्मीदें बजट से काफी बढ़ गई हैं। सरकार की भी कोशिश होगी कि मिडिल क्लास सहित सभी वर्गों को खुश किया जाए। इस बजट से लोगों को क्या कुछ उम्मीदें हैं, आइए जानते हैं।

टैक्स में छूट: मध्यम वर्ग और खासकर नौकरीपेशा वर्ग इस बार टैक्स स्लैब में और छूट पाने की उम्मीद में है। 8 साल से टैक्स की सीमा नहीं बढ़ाई गई है। साल 2014 में आखिरी बार तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने टैक्स छूट की सीमा बढ़ाई थी। मौजूदा टैक्स स्लैब 2.5 लाख का है। इसे बढ़ाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

महंगे लोन से क्या मिलेगी राहत: कोविड महामारी के बाद से महंगाई को काबू में रखने के लिए आरबीआई ने पिछले एक साल में कई बार रेपो रेट को बढ़ाया है। इसका सीधा असर यह हुआ है कि कर्ज महंगा हो गया है। ईएमआई काफी बढ़ी है। ऐसे में खासकर होम लोन वालों के लिए किस्त भी बढ़ गई। लोगों को उम्मीद है कि सरकार होम लोन के तौर पर दी जाने वाली ब्याज छूट की मौजूदा सीमा 2 लाख को बढ़ा सकती है।

रोजगार सृजन पर होगा सरकार का ध्यान: युवाओं को भी इस बजट से काफी उम्मीदें हैं। भारत में पिछले महीने बेरोजगारी दर 16 महीने के उच्च स्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गई थी। ऐसे में दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश में रोजगार सृजन सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार कुछ नए कदम उठा सकती है।

क्या बढ़ेगी सम्मान निधि की रकम: किसानों को सरकार सलाना छह हजार रुपये अभी किसान सम्मान निधि की रकम के तहत दे रही है। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि इस राशि को बढ़ाया जा सकता है।

विनिर्माण के क्षेत्र पर होगा जोर: भारत पिछले कुछ वर्षों से लगातार खुद को विनिर्माण के क्षेत्र में चीन के विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश में है। माना जा रहा है कि इस बार बजट में इस पर विशेष जोर हो सकता है। शिपिंग कंटेनर और खिलौना निर्माण जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन मिल सकता हैं। 'द इकोनॉमिक टाइम्स' के मुताबिक निर्मला सीतारमण घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए प्राइवेट जेट, हेलिकॉप्टर, हाई-एंड इलेक्ट्रॉनिक आइटम और ज्वैलरी जैसी चीजों पर इंपोर्ट ड्यूटी भी बढ़ा सकती हैं।

महंगाई से मिलेगी क्या राहत: महंगाई आज एक बड़ी चुनौती है। रसोई गैस से लेकर हर खाने-पीने और अन्य चीजों के दाम तेजी से बढ़े हैं। माना जा रहा है कि इस बार बजट में कई जरूरी चीजों पर टैक्स को सरकार कम करेगी, जिससे इनके दाम कम हो सकते हैं।

Web Title: Budget 2023: Tax exemption expected, relief from expensive loans, know what to watch

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे