जब साड़ी के जमाने में बिकनी पहनकर मचाई थी सनसनी, शर्मिला टैगोर के जन्मदिन पर जानिए विशेष
By वैशाली कुमारी | Published: December 8, 2021 07:05 PM2021-12-08T19:05:34+5:302021-12-08T19:07:30+5:30
शर्मिला इंडस्ट्री की उन लेजंड ऐक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल हैं जिनकी दीवानगी का आलम ऐसा था कि लोग केवल उन्हें देखने के लिए सिनेमा जाते थे।
70 के दशक में जब बॉलीवुड कि अभिनेत्रियां साड़ी पहनकर रोमांस किया करती थीं ऐसे में एक अभिनेत्री ऐसी भी थी जिसने बिकनी और स्विमसूट पहनकर तहलका मचा दिया था। उनके बिकनी पहनने का जितना विरोध हुआ इतना ही उनके दीवानों में इजाफा हुआ। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर की। शर्मिला इंडस्ट्री की उन लेजंड ऐक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल हैं जिनकी दीवानगी का आलम ऐसा था कि लोग केवल उन्हें देखने के लिए सिनेमा जाते थे।
वह जितना अपने फिल्मों को लेकर चर्चा में रहती थीं, उतना ही उनके स्टाइल को फॉलो भी किया जाता था। शर्मिला का जीवन काफी रोचक रहा है, कभी बिकनी से सनसनी मचाई तो कभी नवाब पटौदी से विवाह से छाई रहीं। एक्ट्रेस के 77 वें जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़े इस दिलचस्प किस्से के बारे में।
शर्मिला टैगोर ने अपने करियर की शुरुआत सत्यजीत रे की बंगाली फिल्में 'अपुर संसार' से की थी। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड की'कश्मीर की कली' से डेब्यू किया। यह फिल्म सुपर हिट रही। फिल्म में उनके साथ हीरो शम्मी कपूर थे। फिल्म के साथ साथ इसके गानों ने लोगों पर अपनी छाप छोड़ी। शर्मिला रातों रात स्टार हो गईं।
शर्मिला टैगोर के बारे में कहा जाता है कि वे भारत की पहली ऐसी एक्ट्रेस थी जिन्होंने बिकिनी पहनी थी। उन्होंने फिल्मफेयर मैगजीन के लिए 1966 में बिकिनी पहनकर फोटो शूट कराया था। जिसके बाद उन्होंने 1967 में रिलीज हुई फिल्म 'एन ईवनिंग इन पेरिस' में स्विमसूट पहना था। फिर वह 1967 में ही आई फिल्म आमने-सामने में स्विमसूट पहने नजर आईं थीं। अपने प्रसिद्धि के समय वे नवाब पटौदी को डेट कर रही थीं, उनकी नई फिल्म का पोस्टर रिलीज हो चुका था और सारा शहर उनकी बिकनी की तस्वीरों से पटा पड़ा था, उसी दौरान शर्मिला को पता चला कि मंसूर अली खान की मां मुंबई उनसे मिलने आ रही हैं।
ये सुनते ही शर्मिला के होश उड़ गए। जिसके बाद उन्होंने तुरंत प्रॉड्यूसर को फोन किया और कहा कि वह पूरे शहर से उनके पोस्टर हटवा दिए जाएं। प्रोड्यूसर ने भी उनकी बात रखी। इसके कुछ दिनों बाद शर्मिला और पटौदी के सगाई की रस्म पूरी हुई।