जब शशि कपूर ने शबाना आजमी को कहा था कुछ खास अच्छी ना दिखने वाली महिला, जानें क्या थी वजह
By मनाली रस्तोगी | Published: March 19, 2022 01:21 PM2022-03-19T13:21:10+5:302022-03-19T13:24:14+5:30
शशि कपूर ने साल 1948 में बतौर बाल कलाकार फिल्म आग से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, जिसका निर्देशन उनके भाई राज कपूर ने किया था। इसके बाद उन्होंने धर्मपुत्र, सुहाना सफर, कभी कभी, दीवार, नमक हलाल, शान और अन्य सहित कई फिल्मों में काम किया।
मुंबई: दिवंगत अभिनेता शशि कपूर किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वो एक शानदार अभिनेता थे, जिनकी लाखों लड़कियां दीवानी थीं। दरअसल, शशि कपूर जितने बेहतरीन एक्टर थे वो उतने ही गुड लुकिंग भी थे, जिसके चलते उन्होंने कई लड़कियों को अपना दीवाना बना रखा था। हालांकि, कपूर अक्सर ही अपने बेबाक अंदाज को लेकर भी चर्चा का विषय रहते थे।
फिल्मफेयर को साल 1975 में दिए एक इंटरव्यू में शशि कपूर ने खुलासा किया था कि वो कई बार बिना सोचे कुछ भी बोल देते हैं। उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए बताया था, "मैंने जीनत अमान के चेहरे पर कहा था कि वो एक अच्छी दिखने वाली महिला हैं लेकिन वो छोटी-छोटी रकम के लिए एक्टिंग नहीं कर सकतीं। तो इसमें कौन-सी बड़ी बात है? मैंने शबाना आजमी से कहा है कि वह विशेष रूप से अच्छी नहीं लगती लेकिन वह बहुत अच्छी अभिनेत्री हैं। मैं वही कहता हूं जो मुझे लगता है इसलिए लोग मुझे पसंद नहीं करते हैं, यह कहने के लिए उनका स्वागत है, यह सब अपनी राय की बात है।"
बता दें कि शशि कपूर ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 1948 में आई फिल्म आग से एक बाल कलाकार के रूप में की थी। इसका निर्देशन उनके भाई राज कपूर ने किया था। इसके बाद उन्होंने धर्मपुत्र, सुहाना सफर, कभी कभी, दीवार, नमक हलाल, शान और अन्य सहित कई फिल्मों में काम किया। वह चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और दो बार फिल्मफेयर पुरस्कार विजेता भी रहे। शशि की शादी जेनिफर केंडल से हुई थी, जिनकी 1984 में कोलन कैंसर के कारण मृत्यु हो गई थी। वहीं शशि कपूर ने 4 दिसंबर 2017 को निमोनिया के कारण 79 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली।