कॉमेडियन जगदीप का 81 की उम्र में निधन, सूरमा भोपाली से थे मशहूर
By रामदीप मिश्रा | Published: July 8, 2020 10:57 PM2020-07-08T22:57:57+5:302020-07-08T22:57:57+5:30
जगदीप ने अपने करियर की शुरुआत निर्देशक बीआर चोपड़ा की 1951 की फिल्म 'अफसाना' में एक बाल कलाकार के रूप में की थी। उनका जन्म 29 मार्च 1939 को हुआ था और उन्होंने 81 की उम्र में अंतिम सांस ली।
दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडियन जगदीप का बुधवार को मुंबई में निधन हो गया है। वह 81 साल के थे। अभिनेता जावेद जाफरी और टीवी निर्माता नावेद जाफरी जगदीप के बेटे हैं। जगदीप का असली नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था। उन्होंने साल 1975 में आई मशहूर फिल्म शोले में सूरमा भोपाली का किरदार निभाया था, जिसने जमकर चर्चा बटोरी थी। उनका यह किरदार लोगों आज भी याद रखते हैं।
परिवार के करीबी मित्र निर्माता महमूद अली ने कहा, 'उनका बांद्रा के अपने आवास पर रात साढ़े आठ बजे निधन हो गया। आयु संबंधी समस्याओं के कारण वह अस्वस्थ थे।' जगदीप ने अपने करियर की शुरुआत निर्देशक बीआर चोपड़ा की 1951 की फिल्म 'अफसाना' में एक बाल कलाकार के रूप में की थी। उन्होंने बाल कलाकार के रूप में अब दिल्ली दूर नहीं, मुन्ना, आर पार और दो बीघा ज़मीन जैसी फिल्मों में काम किया। बाद में उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में मुख्य अभिनेता के रूप में भाभी, बरखा और बिंदया जैसी फिल्मों के साथ अपने अभिनय करियर की शुरुआत की।
हालांकि, उन्हें 1968 की फिल्म ब्रह्मचारी के साथ एक कॉमिक अभिनेता के रूप में स्थापित किया गया, जिसमें शम्मी कपूर लीड रोल में थे। यह उस तरह की शुरुआत थी जिसकी उन्हें जरूरत थी।
Veteran Bollywood actor Jagdeep (original name Syed Ishtiaq Ahmed Jafri) passes away at the age of 81. pic.twitter.com/0YXYEcggvB
— ANI (@ANI) July 8, 2020
सबसे बड़ा ब्रेक उन्हें रमेश सिप्पी के निर्देशक में आई फिल्म शोले के रूप में मिला, जिसमें उन्होंने सूरमा भोपाली के किरदार को निभाया था। बाद में, उन्होंने सूरमा भोपाली नामक एक फिल्म का निर्देशन भी किया, जिसमें उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। जगदीप ने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।