तुनिषा मौत मामले में कोर्ट ने शीजान खान को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा, अभिनेत्री के परिवार ने हत्या का लगाया है आरोप
By अनिल शर्मा | Published: December 31, 2022 01:35 PM2022-12-31T13:35:41+5:302022-12-31T13:38:37+5:30
अभिनेत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में खान (27) को पालघर जिले की वालिव पुलिस ने 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। टीवी सीरियल 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' में अभिनय कर रहीं 21 वर्षीय शर्मा 25 दिसंबर को वसई के पास शो के सेट पर वॉशरूम में लटकी मिली थीं।
पालघरः अभिनेत्री तुनिषा शर्मा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार अभिनेता शीजान खान को वसई कोर्ट ने शनिवार 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को शीजान की पुलिस हिरासत मजिस्ट्रेट अदालत ने एक दिन के लिए और बढ़ा दी थी। अदालत में शीजान को परिवारवाले भी पहुंचे थे।
खान का पहले का रिमांड समाप्त होने के बाद उसे महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से कहा कि तुनिषा शर्मा की मां द्वारा लगाए गए नए आरोपों की जांच के लिए उसे और समय चाहिए। शर्मा की मां ने आरोप लगाया कि खान ने उनकी बेटी को एक टीवी शो के सेट पर थप्पड़ मारा था। उनकी मां ने दावा किया कि वह शर्मा को उर्दू पढ़ा रहा था और चाहता था कि वह हिजाब पहने।
गौरतलब है कि अभिनेत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में खान (27) को पालघर जिले की वालिव पुलिस ने 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। टीवी सीरियल 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' में अभिनय कर रहीं 21 वर्षीय शर्मा 25 दिसंबर को वसई के पास शो के सेट पर वॉशरूम में लटकी मिली थीं। शर्मा की मां ने आरोप लगाया कि खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और उसका "इस्तेमाल" किया।