फिल्म रिलीज होने से पहले ही सड़क हादसे में डायरेक्टर एवी अरुण की मौत, सदमे में फैंस
By अमित कुमार | Published: May 15, 2020 03:46 PM2020-05-15T15:46:25+5:302020-05-15T15:46:25+5:30
सड़क हादसे में डायरेक्टर एवी अरुण के निधन से फैंस सदमे में हैं। वह लगातार सोशल मीडिया पर डायरेक्टर की मौत पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर और इरफान की मौत से बॉलीवुड जगत सदमे में है। लोगों के लिए यकीन करना बेहद मुश्किल हो गया है कि उनके पसंदीदा सितारे अब इस दुनिया में नहीं रहे। इस बीच तमिल इंडस्ट्री से अब एक बुरी खबर सामने आ रही है। इंडस्ट्री के यंग डायरेक्टर एवी अरुण प्रसाद उर्फ वेंकट शुक्रवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए।
इस हादसे में उनका निधन हो गया। रिपोर्ट्स की मानें तो एवी अरुण बाइक चला रहे थे जब एक लॉरी से टकराने के बाद मौके पर उनकी मौत हो गई। अरुण की पहली फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी। लेकिन फिल्म रिलीज से पहले ही वह दुनिया छोड़कर चले गए। अरुण की पहली फिल्म 4 जी रिलीज होने वाली थी। इस फिल्म को लेकर वह काफी उत्साहित थे।
म्यूजिक डायरेक्टर जीवी प्रकाश ने उनकी मौत पर श्रद्धांजलि दी है। वहीं फैंस भी लगातार सोशल मीडिया पर उनकी मौत पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। इससे पहले 'क्राइम पेट्रोल' फेम शफीक अंसारी की कैंसर के कारण मौत हो गई थी। कैंसर की वजह से 52 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। कैंसर से जूझ रहे एक्टर को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उनका निधन हो गया।