सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मां ने किया खुलासा, कहा- दोनों के सुसाइड का कोई कनेक्शन नहीं
By मनाली रस्तोगी | Published: August 2, 2020 06:24 AM2020-08-02T06:24:16+5:302020-08-02T06:24:16+5:30
सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान ने दिवंगत अभिनेता के निधन से तकरीबन एक हफ्ते पहले सुसाइड किया था। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों के बीच कुछ कनेक्शन है, लेकिन दिशा की मां ने खुलासा किया कि ऐसा कुछ भी नहीं है।
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को डेढ़ महीने से ज्यादा हो गया है। मगर अभी भी फैंस और कई सेलेब्स इस सदमे से उभर नहीं पाए हैं। मालूम हो, दिवंगत अभिनेता 14 जून को अपने अपार्टमेंट में फांसी से लटके मिले थे। तब से मुंबई पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, अब बिहार पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। इस बीच सुशांत सिंह की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मां का बयान सामने आया है।
बता दें, दिशा ने सुशांत से एक हफ्ते पहले आत्महत्या की थी। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि सुशांत और दिशा के सुसाइड करने के पीछे कोई कनेक्शन है। हालांकि, जी न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में दिशा की मां ने बताया कि दोनों की मौत का कोई कनेक्शन नहीं है। दिशा की मां ने कहा कि उन्हें पता नहीं था कि दिशा सुशांत के साथ काम कर रही थी या नहीं लेकिन बाद में उन्हें इस बारे में पता चला। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि दिशा कभी भी अपने काम के बारे में चर्चा नहीं करती थी और इसलिए वो ये भी नहीं जानती थीं कि दिशा सुशांत के लिए काम करती थी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी सुशांत या इंडस्ट्री से किसी से बात की है। इसको लेकर दिशा की मां ने दावा किया कि उन्हें कुछ भी पता नहीं था। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि दिशा ने 'जज़्बा' और 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी फिल्मों में ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ काम किया था। दिशा की मां ने यहां तक दावा किया कि उन्हें रणबीर कपूर के साथ काम करने का मौका मिला, लेकिन वह इस पर काम नहीं कर सकीं और इससे वह परेशान हो गईं। वहीं, हाल ही में सुशांत के पिता केके सिंह की पटना में रिया चक्रवती, उनके परिवार के सदस्यों और छह अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सुशांत के परिवार ने रिया पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं।