शाहरुख खान ने सुहाना खान को डेब्यू से पहले दी प्यारी सी सलाह, कहा- एक एक्टर के तौर पर दयालु बनो
By मनाली रस्तोगी | Published: May 14, 2022 05:29 PM2022-05-14T17:29:15+5:302022-05-14T17:32:18+5:30
शाहरुख खान ने बेटी सुहाना खान को फिल्मी दुनिया में डेब्यू करने से पहले एक प्यारी सी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि याद रखना कि आप कभी भी परफेक्ट नहीं होंगे, लेकिन जैसे आप हैं, अगर वैसे बने रहोगे तो उसके सबसे करीब रहोगे। एक एक्टर के तौर पर दयालु बनें।
मुंबई:शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान जान्हवी कपूर की बहन खुशी कपूर और मेगास्टार अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा के साथ फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने को तैयार हैं। दरअसल, ये तीनों ही स्टार किड्स जोया अख्तर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'द आर्चीज' से डेब्यू कर रहे हैं। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। वहीं, सुहाना खान को उनके पिता शाहरुख खान ने फिल्मी दुनिया में डेब्यू करने से पहले एक प्यारी सी सलाह दी है।
सोशल मीडिया पर द आर्चीज का एक पोस्टर शेयर करते हुए शाहरुख खान ने सुहाना के लिए प्यारा सा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा, "याद रखना कि आप कभी भी परफेक्ट नहीं होंगे, लेकिन जैसे आप हैं, अगर वैसे बने रहोगे तो उसके सबसे करीब रहोगे। एक एक्टर के तौर पर दयालु बनें। आप का जो हिस्सा पर्दे पर पीछे छूट जाता है, वह हमेशा आपका रहेगा। मेरे बच्चे, आपने लंबा सफर तय किया है, लेकिन लोगों के दिल तक जाने का रास्ता अंतहीन है। आगे बढ़ो और ज्यादा से ज्यादा मुस्कुराओ। अब यहां लाइट, कैमरा और एक्शन होगा।"
बताते चलें कि 'द आर्चीज' को फिल्म की डायरेक्टर जोया अख्तर ने कॉमिक्स के बॉलीवुड रूपांतरण के तौर पर बनाया है। सुहाना खान फिल्म के पहले पोस्ट में वेरोनिका के रूप में दिखाई दे रही हैं। खुशी कपूर और आर्चीज के रूप में अगस्त्य नंदा नजर आ रहे हैं। वहीं, फैंस भी इन मशहूर स्टार किड्स को ऑनस्क्रीन देखने के लिए काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि सोशल मीडिया पर सामने आए टीजर और पोस्टर को फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।