धमकी भरे पत्र के बाद सलमान खान ने हथियार के लाइसेंस के लिए किया आवेदन, मुंबई पुलिस आयुक्त से की मुलाकात
By अनिल शर्मा | Published: July 23, 2022 07:37 AM2022-07-23T07:37:07+5:302022-07-23T08:01:43+5:30
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने शुक्रवार को मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर से दक्षिण मुंबई स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। सलमान खान ने मुंबई पुलिस को एक आवेदन जमा कर अपनी सुरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस की मांग की।
मुंबईः अभिनेतासलमान खान ने पिछले महीने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से मिले धमकी पत्र के मद्देनजर आत्मरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। मुंबई पुलिस ने कहा, हाल ही में उन्हें धमकी भरा पत्र मिलने के बाद मुंबई पुलिस में आत्मरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस के लिए आवेदन किया है।
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने शुक्रवार को मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर से दक्षिण मुंबई स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। सलमान खान ने मुंबई पुलिस को एक आवेदन जमा कर अपनी सुरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस की मांग की। हालांकि, खान ने कहा कि पुलिस आयुक्त उनके पुराने दोस्त हैं और वह उन्हें बधाई देने गए थे।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पिछले महीने खान को धमकी भरा एक पत्र प्राप्त हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेता शाम करीब चार बजे मुंबई पुलिस मुख्यालय पहुंचे और फणसालकर से मिले। उन्होंने बताया कि यह मात्र एक शिष्टाचार मुलाकात थी। साथ ही, सलमान ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल से भी मुलाकात की।
पिछले महीने, सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को एक पत्र मिला था, जिसमें धमकी दी गई थी कि दोनों का पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला जैसा हश्र किया जाएगा। मूसेवाला की मई में हत्या कर दी गई थी। पत्र मिलने के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।