पंजाब के मशहूर गायक दिलजान नहीं रहे, अमृतसर के पास सड़क हादसे में मौत
By विनीत कुमार | Published: March 30, 2021 11:20 AM2021-03-30T11:20:23+5:302021-03-30T11:31:57+5:30
दिलजान की सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनका एक नया गाना 2 अप्रैल को रिलीज होने वाला था।
मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजान सिंह की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। वे 31 साल के थे। हादसा मंगलवार तड़के करीब 2 बजे हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वे अपने महिंद्रा केयूवी-100 गाड़ी से अमृतसर से करतारपुर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान जब वे जंडियाला गुरु के पास पहुंची तो उनके गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद आननफानन में उन्हें नजदीक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिलजान की पत्नी और बच्चे इन दिनों कनाडा में हैं।
दिलजान की अचानक दुर्भाग्यपूर्ण मौत से उनके फैंस भी सदमे में हैं। वहीं पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। दिलजान करतारपुर के रहने वाले थे। इस बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपवे कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
दिलजान के पिता मदन मडार के अनुसार 2 अप्रैल को दिलजान का नया गाना रिलीज होना था। इसी सिलसिले में वे एक मीटिंग के लिए सोमवार को अपनी गाड़ी से अमृतसर गए थे। देर रात लौटते समय यह हादसा हुआ। हादसे के समय दिलजान गाड़ी में अकेले ही थे।
दिलजान 2012 में भारत और पाकिस्तानी गायकों के एक रियलिटी शो 'सुरक्षेत्र' में रनर-अप रहे थे। इसके अलावा वे 'आवाज पंजाब दी' में भी नजर आए थे।
दिलजान के मशहूर गाने
दिलजान ने पंजाबी में कई मशहूर गाने गाए हैं और फैंस के बीच काफी लोकप्रिय थे। इसमें तेरे वारगे, हर पल, दिल जान, फर्स्ट लव जैसे गाने शामिल हैं। इसके अलावा साई दी कमली और धरती जैसे गाने भी खूब लोकप्रिय हुए।