फेक सोशल मीडिया फॉलोअर्स स्कैम: प्रियंका चोपड़ा-दीपिका पादुकोण से पूछताछ कर सकती है मुंबई पुलिस
By मनाली रस्तोगी | Published: July 22, 2020 07:58 PM2020-07-22T19:58:36+5:302020-07-22T20:04:35+5:30
मुंबई क्राइम ब्रांच ने फेक सोशल मीडिया फॉलोअर्स स्कैम को लेकर जांच शुरू कर दी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इस मामले को लेकर दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा से पूछताछ की जा सकती है।
बॉलीवुड स्टार्स पब्लिक फिगर होते हैं, जिसके कारण उनकी निजी जिंदगी के बारे में जानने के लिए फैंस काफी उत्साहित रहते हैं। यही नहीं, सेलेब्स को भी फैंस से रूबरू होने के लिए अक्सर सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं। मगर कई बार सोशल मीडिया ही स्टार्स के लिए सिरदर्द बन जाता है। कुछ ऐसा ही मामला इस बार भी है।
जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच
दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स को बढ़ाने का काम काफी तेजी से हो रहा है। ये फॉलोअर्स और कोई नहीं बल्कि फेक फॉलोअर्स हैं। मालूम हो, बॉलीवुड स्टार्स के लिए एक-एक फॉलोअर काफी महत्वपूर्ण है। ऐसा इसलिए क्योंकि फॉलोअर्स की वजह से ही एक्टर्स की स्टार वेल्यू का अंदाजा लगाया जाता है। ऐसे में अब फेक सोशल मीडिया फॉलोअर्स स्कैम की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुरू कर दी है।
दीपिका-प्रियंका के अलावा 10 सेलेब्स का नाम शामिल
इसी क्रम में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फेक फॉलोअर्स की लिस्ट में दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) और प्रियंका चोपड़ा जोनास (Priyanka Chopra Jonas) जैसी मशहूर अभिनेत्रियों का नाम सामने आया है, जिसके बाद पुलिस अब इस मामले को लेकर दोनों अभिनेत्रियों से पूछताछ कर सकती है। यही नहीं, इन दोनों अभिनेत्रियों के अलावा तकरीबन 10 और सेलिब्रिटीज के नाम फेक फॉलोअर्स की लिस्ट में सामने आए हैं।
तमाम सेलिब्रिटीज से पूछताछ कर सकती है पुलिस
DNA की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस जल्द ही प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण सहित तमाम सेलिब्रिटीज से पूछताछ कर सकती है। बता दें, इस मामले में बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के अलावा कई खिलाड़ियों और बिल्डर्स के नाम शामिल हैं, जिसके कारण ये मामला काफी हाई-प्रोफाइल हो गया है। ये मामला अपने आपमें नया है क्योंकि देश में इससे पहले ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया।