विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' के सेट पर बेकाबू हुई कार ने पल्लवी जोशी को मारी टक्कर, हुईं घायल
By अनिल शर्मा | Published: January 17, 2023 03:41 PM2023-01-17T15:41:23+5:302023-01-17T15:56:44+5:30
‘द वैक्सीन वॉर’ फिल्म कोविड-19 महामारी के विषय से जुड़ी है। इस फिल्म में मेडिकल फील्ड और वैज्ञानिकों के सपोर्ट और उनके समर्पण को दिखाया जाएगा।
हैदराबादः चर्चित फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की अभिनेत्री पल्लवी जोशी का 'द वैक्सीन वॉर' (The Vaccine War) फिल्म के सेट पर एक्सीडेंट हो गया। इस फिल्म को उनके पति व द कश्मीर फाइल्स के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री निर्देशित कर रहे हैं। वहीं फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल हैं। निर्देशक-निर्माता की ये जोड़ी द कश्मीर फाइल्स में भी साथ नजर आई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक द वैक्सीन वॉर की शूटिंग हैदराबाद में चल रही है। जिसमें पल्लवी जोशी मुख्य किरदार में हैं। बताया जा रहा है कि शूटिंग के दौरान पल्लवी की एक कार से टक्कर हो गई है जिसमें वह घायल हो गईं। हालांकि घायल होने के बावजूद पल्लवी ने अपना शूट पूरा किया। इसके बाद उन्हें हैदराबाद के अस्पताल में ले जाया गया जहां उनका इलाज हुआ।
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक ‘द वैक्सीन वॉर’ के सेट पर एक कार बेकाबू हो गई और उससे पल्लवी जोशी को टक्कर लग गई। रिपोर्ट के मुताबिक पल्लवी अब ठीक हैं।
‘द वैक्सीन वॉर’ फिल्म कोविड-19 महामारी के विषय से जुड़ी है। इस फिल्म में मेडिकल फील्ड और वैज्ञानिकों के सपोर्ट और उनके समर्पण को दिखाया जाएगा। इस फिल्म में ये दिखाया जाएगा कि महामारी के दौरान कैसे देश के डॉक्टरों और वैज्ञानिकों समेत अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आम लोगों की मदद की। इसकी कहानी के केंद्र में वैक्सीन रखा गया है।