न्यूयार्क में भारतीय खाना खिलाएंगी प्रियंका चोपड़ा, जानिए क्या है नाम और कब से शुरू...
By सतीश कुमार सिंह | Published: March 7, 2021 04:19 PM2021-03-07T16:19:39+5:302021-03-07T20:02:40+5:30
फिल्म अभिनेत्री एवं निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनास ने कहा कि मैं आपके लिए न्यूयार्क में एक नया रेस्तरां ‘सोना’ खोलने को लेकर रोमांचित हूं। मैंने भारतीय भोजन के लिए अपने प्यार का इजहार किया है।
फिल्म अभिनेत्री एवं निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनास ने घोषणा की है कि वह न्यूयॉर्क में भारतीय व्यंजन का एक रेस्त्रां खोल रही हैं। चोपड़ा जोनास ने शनिवार देर शाम इंस्टाग्राम पर 'सोना' नाम के रेस्तरां की एक तस्वीर साझा की, जो इस महीने के अंत तक भोजन के शौकीनों के लिए खुलेगा।
उन्होंने निर्माण की शुरुआत के मौके पर 2019 में आयोजित पूजा की तस्वीर भी पोस्ट की जिसमें उनके पॉपस्टार पति निक जोनास भी मौजूद थे। चोपड़ा (38) ने कहा, ‘‘मैं आपके लिए न्यूयार्क में एक नया रेस्तरां ‘सोना’ खोलने को लेकर रोमांचित हूं। मैंने भारतीय भोजन के लिए अपने प्यार का इजहार किया है। मैं जिस स्वाद के साथ बड़ी हुई हूं, सोना उसका एक खूबसूरत अवतार है।’’
उन्होंने कहा कि रसोई का जिम्मा शेफ हरी नायक संभालेंगे। उन्होंने अपने सहयोगियों, मनीष गोयल और डेविड राबिन को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘‘सोना इस महीने के अंत में खुल रहा है और मैं आपको वहां देखने के लिए उत्सुक हूं! यह प्रयास मेरे दोस्तों मनीष गोयल और डेविड राबिन के सहयोग के बिना संभव नहीं होता।’’
अभिनेत्री ने प्रशंसकों को सूचित किया कि इस महीने के अंत में रेस्तरां खुल जाएगा। आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तीन तस्वीरें साझा की हैं। तीन में से एक में प्रियंका चोपड़ा के रेस्टोरेंट का नाम नजर आ रहा है। जबकि बाकि तस्वीर में प्रियंका पति निक जोनस के साथ उद्घाटन पूजा करती दिखाई दे रही हैं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए अभिनेत्री ने लंबा-चोपड़ा पोस्ट भी लिखा है और फैंस को सोना रेस्टोरेंट की जानकारी दी है।