नीना गुप्ता को गे संग शादी करने की दी गई थी सलाह, एक्ट्रेस ने दिया था ये जवाब
By अनिल शर्मा | Published: June 18, 2021 09:41 AM2021-06-18T09:41:44+5:302021-06-18T09:45:34+5:30
नीना के मुताबिक उइनकी दोस्त ने कहा था कि इस शादी से वह अपनी लाइफ में सेटल हो जाएंगी और उस शख्स का भी काम हो जाएगा। ये लोगों के लिए शादी होगी मगर दोनों अपनी-अपनी जिंदगी जिएंगे।
मशहूर एक्ट्रेस नीना गुप्ता इन दिनों अपनी ऑटोबायोग्राफी 'सच कहूं तो' को लेकर चर्चा में हैं। अपनी ऑटोबायोग्राफी में नीना ने अपने निजी जीवन के कई पहलुओं को छुआ है। इस बात को सब जानते हैं कि नीना वेस्टइंडीज प्लेयर सर विवियन रिचर्ड्स संग रिलेशनशिप में थीं। उसी दौरान वह प्रेग्नेंट भी हुईं लेकिन विवियन ने नीना से शादी करने से इंकार कर दिया था। नीना उस वक्त मुश्किल दौर का सामना कर रही थीं।
अपनी ऑटोबायोग्राफी में नीना ने उस मुश्किल दौर के बारे में खुलकर लिखा है। नीना ने बताया है कि जब वह प्रेग्नेंट थीं तब कई लोगों ने उन्हें शादी करने की सलाह दी थी। इन्हीं में से उनकी एक सहेली भी थीं जो चाहती थीं कि नीना जल्द से जल्द शादी कर लें। और उनपर होने वाली तरह-तरह की बातों पर विराम लग जाए।
उस साथी ने नीना के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था वो भी एक गे से। उसने सलाह दी कि उनकी नजर में मुंबई के बांद्रा में एक बैंकर है जो गे है। वो सोसाइटी के ट्रबल्स से छुटकारा चाहता है। ऐसे में उससे शादी कर सकती हैं।
नीना के मुताबिक साथी ने कहा था कि इस शादी से वह अपनी लाइफ में सेटल हो जाएंगी और उस शख्स का भी काम हो जाएगा। ये लोगों के लिए शादी होगी मगर दोनों अपनी-अपनी जिंदगी जिएंगे। मगर इसपर नीना गुप्ता ने इससे इंकार कर दिया। उन्होंने जवाब दिया कि कि वे सिर्फ कंट्रोवर्सी को अवाइड करने के लिए शादी नहीं करेंगी। वे इस मुश्किल वक्त का सामना करेंगी। बता दें तब फिल्ममेकर सतीश कौशिक ने भी उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था।