'अंग्रेजी मीडियम' के रिलीज होते ही कोरोना की वजह से देश में बंद हो गए थे कई सिनेमा हॉल, यहां देखें इरफान खान की आखिरी फिल्म मूवी
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: April 29, 2020 03:18 PM2020-04-29T15:18:44+5:302020-04-29T15:52:39+5:30
होमी अदजानिया की फिल्म अंग्रेजी मीडियम 13 मार्च को पर्दे पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म के ट्रेलर रिलीज बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह था
बॉलीवुड इंडस्ट्री के शानदार अभिनेताओं में शुमार इरफान खान (Irrfan Khan) ने 53 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री के साथ पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। इरफान को आखिरी बार फिल्म अंग्रेजी मीडियम (Angrezi Medium) में देखा गया, जिसमें उन्होंने एक हलवाई की भूमिका निभाई थी।
फिल्म में दिखाया गया था कि एक हलवाई अपनी बेटी के सपने को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। ये फिल्म लॉकडाउन से कुछ दिनों पहले ही रिलीज़ हुई थी। इसलिए हम आपको उन लकी एक्टर्स के बारे में बताएंगे जिन्होंने इरफान के साथ उनकी आखिरी फिल्म में काम किया।
होमी अदजानिया की फिल्म अंग्रेजी मीडियम 13 मार्च को पर्दे पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म के ट्रेलर रिलीज बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह था। इस फिल्म के साथ एक लंब समय के बाद इरफान खान ने पर्दे पर वापसी की थी। लेकिन कोरोना वायरस के कारण फिल्म के देखने लोग नहीं पहुंच पाए थे। फिल्म रिलीज तो हुई बड़े पर्दे पर लेकिन कोरोना के कहर के बीच लोग थिएटर नहीं गए थे। दरअसल फिल्म के रिलीज के साथ ही सिनेमाहाल को बंद करने के आदेश आ गए थे।
हाल ही में होमी अदजानिया के द्वारा निर्देशित फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी गई थी। इरफान ने खुद इस बात की घोषणा की थी। एक्टर ने ट्वीट कर लोगों को बताया है- इस रोलर कोस्टर राइड पर बैठकर देखिए पिता-बेटी के इस खूबसूरत रिश्ते को क्योंकि अंग्रेजी मीडियम का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर @DisneyplusHSVIP पर कर दिया गया है।
इरफान खान और राधिका मंदान की फिल्म अंग्रेजी मीडियम फैंस हॉटस्टार पर देख पाएंगे। इससे पहले फिल्म को दोबारा बड़े पर्दे पर ही रिलीज करने की तैयारी थी। अब इरफान के निधन के बाद देखना होगा क्या फिल्म को फिर से रिलीज किया जाएगा।