पखावज वादक पंडित रविशंकर गिरफ्तार, छात्रा ने लगाया छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप
By अमित कुमार | Published: December 18, 2020 10:31 AM2020-12-18T10:31:07+5:302020-12-18T11:14:39+5:30
पखावज वादक पंडित रविशंकर उपाध्याय अपनी हरकतों के कारण मुश्किलों में फंस गए हैं। रविशंकर उपाध्याय पर एक छात्रा ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रसिद्ध पखावज वादक पंडित रविशंकर उपाध्याय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पंडित रविशंकर पर उनके ही इंस्टीट्यट की एक छात्रा ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने पुलिस में पंडित रविशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। नई दिल्ली जिला डीसीपी ने पंडित रविशंकर उपाध्याय की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस को दर्ज कराई रिपोर्ट में छात्रा ने कहा कि पंडित रविशंकर का उनके अलावा कई छात्राओं के साथ व्यवहार ठीक नहीं था। जब वह पैर छूती थी तो वह अश्लील हरकते करते थे। ऐसा पिछले डेढ़ साल से चल रहा था। इतना ही नहीं जनवरी 2020 से उन्होंने अश्लील मैसेज भी भेजना शुरू कर दिया था। वहीं 15 दिसंबर को होने वाले एग्जाम में पंडित रविशंकर ने उन्हें क्लास में एंट्री नहीं करने दी थी।
छात्रा ने आगे कहा कि एग्जाम के लिए नहीं जाने देने के बाद उन्होंने उसकी तस्वीर ले ली। इसके बाद उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगे। वह किसी तरह बचकर बाहर निकली और सीनियर चंचल प्रसाद को घटना के बारे में बताया। छात्रा ने इसकी शिकायत इंस्टीट्यूट के निदेशक को भी की है। परिजनों के बताने के बाद इस संबंध में चाणक्यपुरी थाने में शिकायत की गई।