रवीना टंडन और फराह खान के खिलाफ एक बार फिर मामला दर्ज, ईसाई समुदाय की भावनाएं आहत करने का लगा आरोप
By ज्ञानेश चौहान | Published: December 29, 2019 02:24 PM2019-12-29T14:24:59+5:302019-12-29T14:24:59+5:30
इन सेलेब्स के खिलाफ पंजाब के कई हिस्सों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है। इस मामले पर माफी मांगते हुए रवीना टंडन ने एक ट्वीट भी किया था।
बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन, कोरियोग्राफर-निर्देशक फराह खान और कॉमेडियन भारती सिंह के खिलाफ एक बार फिर पुलिस में दूसरा मामला दर्ज किया गया है। इनके ऊपर ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है। इस बार यह मामला पंजाब के फिरोजपुर छावनी में शनिवार को दर्ज किया गया है।
पहले भी लग चुका है आरोप
इससे पहले रवीना टंडन, फराह खान और कॉमेडियन भारती सिंह के खिलाफ बुधवार को अमृतसर जिले के अजनाला शहर में पहला मामला दर्ज किया गया था। यह मामला पंजाब के अजनाला शहर के निवासी व क्रिश्चियन फ्रंट के अध्यक्ष सोनू जफर की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज करने वाले व्यक्ति ने क्या कहा?
आरोप लगाने वाले व्यक्ति का कहना है कि इन सितारों द्वारा शब्द 'हालेलुया' के उच्चारण की कोशिश के दौरान इसका मजाक बनाने से ईसाई समुदाय की भावना आहत हुई हैं। 'हालेलुया' एक हिब्रू शब्द है, जिसका प्रयोग ईश्वर के लिए किया जाता है।
रवीना टंडन ने मांगी थी माफी
पहली शिकायत के बाद से ही इन सेलेब्स के खिलाफ पंजाब के कई हिस्सों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है। इस मामले पर माफी मांगते हुए रवीना टंडन ने एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा, "मैंने ऐसा एक भी शब्द नहीं कहा है, जो किसी भी धर्म का अपमान करता हो। हम तीनों (फराह खान, भारती सिंह और मैं) ने कभी किसी को नाराज करने के इरादे से ऐसा नहीं किया, लेकिन अगर हमने ऐसा किया, और इससे अगर लोग आहत हुए, तो उनसे मैं तहे दिल से माफी मांगती हूं।"