अनुपम खेर ने द ग्रेट खली संग साझा की तस्वीर, पूर्व WWE रेसलर से लंबा दिखने की बताई तरकीब, आए ऐसे कमेंट्स
By अनिल शर्मा | Published: April 20, 2022 02:44 PM2022-04-20T14:44:25+5:302022-04-20T14:47:18+5:30
अनुपम खेर ने द ग्रेट खली के नाम से मशहूर पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर दलीप सिंह राणा के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट की हैं।

अनुपम खेर ने द ग्रेट खली संग साझा की तस्वीर, पूर्व WWE रेसलर से लंबा दिखने की बताई तरकीब, आए ऐसे कमेंट्स
मुंबईः अभिनेता अनुपम खेर ने द ग्रेट खली के नाम से मशहूर पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर दलीप सिंह राणा के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों को साझा करते हुए अनुपम ने मजाक में एक तरकीब बताई कि कोई खली से लंबा कैसे दिख सकता है। विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स के अभिनेता खेर ने ट्विटर पर दो तस्वीरें साझा की। एक तस्वीर में वे खली के साथ बराबरी करते (लंबाई में) दिख रहे हैं।
दरअसल अनुपम खेर ने दूसरी फोटो में खली के बराबर दिखने के लिए कुर्सी का इस्तेमाल किया है। उन्होंने लोगों से कहा कि यही एक तरीका है जिससे आप खली से लंबा दिख सकते हैं। तस्वीर साझा करते हुए अभिनेता ने लिखा, खली से लंबा दिखने का एक ही रास्ता है। गौरतलब है कि खली की लंबाई 2.16 मीटर है जबकि अनुपम खेर लगभग 1.68 मीटर लंबे हैं।
The ONLY way one can be TALLER than @greatkhali is in the next pic…. 😁😂😂😂❤️ #Humbled#Honoured#Humoured#KhaliTheGreatpic.twitter.com/t7jNjwrGbc
— Anupam Kher (@AnupamPKher) April 19, 2022
अनुपम खेर के इस मजेदार पोज पर लोगों की खूब प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। एक यूजर ने टिप्पणी की, पहली तस्वीर में खली महंगाई हैं और अनुपम भक्त। और दूसरी तस्वीर में अंधभक्तों के लिए महंगाई कोई मुद्दा नहीं। एक ने लिखा- आदमी बड़ा उम्र से नही होता, नफरत फैलाने से नही होता, बड़ा दिल रखने और सभी को समान रूप से देखने से होता है। आप चाहे चेयर पर चढ़ जाएं या छत पर रहोगे तो चाटुकार ही।
एक ने तारीफ करते हुए लिखा, "सर आप बहुत प्यारे लग रहे हैं," जबकि दूसरे ने लिखा, "आप हमें हंसाने में कभी असफल नहीं होते।" एक अन्य प्रशंसक ने लिखा, हमारे देश की 2 महान हस्तियां। इसके साथ ही कई प्रशंसकों ने कमेंट सेक्शन में हंसी के इमोजी पोस्ट किए।
अनुपम की आखिरी फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े। यह फिल्म 1990 के दशक की शुरुआत में कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित है और इसे सिर्फ 15 करोड़ के बजट पर बनाया गया था। अनुपम अगली बार 'उंचाई' में दिखाई देंगे, जो सूरज बड़जात्या द्वारा निर्देशित और दोस्ती पर आधारित है। अनुपम के अलावा, उंचाई में परिणीति चोपड़ा, बोमन ईरानी, अमिताभ बच्चन, नीना गुप्ता, सारिका और डैनी डेन्जोंगपा भी नजर आएंगे।