वाजिद खान के निधन से टूटा बॉलीवुड सितारों का दिल, अक्षय कुमार ने लिखा- बहुत जल्दी चले गए

By भाषा | Published: June 1, 2020 06:34 PM2020-06-01T18:34:53+5:302020-06-01T18:34:53+5:30

Akshay Kumar pays tribute to Wajid Khan calls him talented and ever-smiling | वाजिद खान के निधन से टूटा बॉलीवुड सितारों का दिल, अक्षय कुमार ने लिखा- बहुत जल्दी चले गए

(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)

Highlightsअनुपम खेर, मनोज बाजपेयी, अदनान सामी,प्रीति जिंटा, परिणीति चोपड़ा, लूलिआ वंतूर ने भी वाजिद खान के निधन पर शोक जताया।संगीतकार ने सलमान खान की 1998 में आई फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से अपने बॉलीवुड करियर का आगाज किया था। बिग बी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘ वाजिद खान के निधन की खबर सुन सदमे में हूं। एक उज्ज्वल प्रतिभा हमें छोड़कर चली गई। दुआ, प्रार्थना और सांत्वना।’’

संगीतकार वाजिद खान के निधन पर बॉलीवुड ने शोक जताते हुए इसे फिल्म तथा संगीत उद्योग को एक भारी क्षति बताया। अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा, वरुण धवन, संगीतकार शंकर महादेवन और गायक जावेद अली सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है। वाजिद खान का कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद सोमवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 42 वर्ष के थे। 

वाजिद खान को पहले से किडनी संबंधी परेशानियां भी थीं। वाजिद के भाई साजिद खान ने उनके कोविड-19 से संक्रमित होने की जानकारी देते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ।’’ बिग बी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘ वाजिद खान के निधन की खबर सुन सदमे में हूं। एक उज्ज्वल प्रतिभा हमें छोड़कर चली गई। दुआ, प्रार्थना और सांत्वना।’’ 

अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रतिभाशाली और हंसमुख.... बहुत जल्दी चले गए। भगवान इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार को हिम्मत दे।’’ वाजिद के करीबी मित्र एवं अभिनेता अरबाज खान ने ट्वीट किया, ‘‘ संगीत उद्योग ने एक हीरा खो दिया। बेहद जल्दी चले गए। उनके परिवार और दोस्तों को मेरी संवेदनाएं। अल्लाह जन्नत नसीब करे।’’ प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘ एक चीज जो मुझे हमेशा याद रहेगी वह है वाजिद भाई की मुस्कुराहट। हमेशा मुस्कुराने वाले। बेहद जल्दी चले गए। उनके परिवार और सभी भावाकुल लोगों को मेरी संवेदनाएं। भगवना आपकी आत्मा को शांति दे, मेरे दोस्त। आप हमेशा मेरी प्रार्थनाओं में रहेंगे।’’ 

अनुपम खेर, मनोज बाजपेयी, अदनान सामी,प्रीति जिंटा, परिणीति चोपड़ा, लूलिआ वंतूर ने भी वाजिद खान के निधन पर शोक जताया। संगीतकार ने सलमान खान की 1998 में आई फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से अपने बॉलीवुड करियर का आगाज किया था। इसके बाद उन्होंने अभिनेता की ‘गर्व’, ‘तेरे नाम’, ‘तुमको ना भूल पाएंगे’, ‘पार्टनर’ और ‘दबंग’ आदि कई हिट फिल्मों में संगीत दिया। 

इसके अलावा उन्होंने कई हिट गानों जैसे ‘मेरा ही जलवा‘, ‘फेविकॉल से’, ‘चिंता ता चिता चिता’ का भी संगीत दिया। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये जारी लॉकडाउन के दौरान सलमान द्वारा यूट्यूब पर रिलीज ‘प्यार करोना’ और ‘भाई-भाई’ गीत का संगीत भी इस मशहूर जोड़ी ने ही दिया था। इसके अलावा उन्होंने ‘सा रे गा मा पा’ में जज की भी भूमिका निभाई। आईपीएल4 के गीत ‘धूम धूम धूम धड़ाका’ का संगीत भी इस जोड़ी ने दिया था और इसे गाया वाजिद ने था। 

वरुण धवन ने अपने पिता एवं फिल्मकार डेविड धवन और वाजिद की एक तस्वीर साझा करते हुए संगीतकार को बॉलीवुड के सबसे सकारात्मक लोगों में से एक बताया। उन्होंने लिखा, ‘‘ वाजिद भाई के निधन की खबर सुनकर बेहद सदमे में हूं... वह मेरे और मेरे परिवार के बहेद करीब थे। वह आसपास रहने वाले सबसे सकारात्मक लोगों में से एक थे। वाजिद भाई हम आपको याद करेंगे, संगीत के लिए शुक्रिया।’’ वहीं फिल्मकार हंसल मेहता ने वाजिद को याद करते हुए बताया कि वाजिद ने बुरे समय में उनकी काफी मदद की। संगीतकार एवं गायक विशाल ददलानी ने उनके निधन को ‘‘दिल तोड़ने वाली’’ खबर बताया। 

Web Title: Akshay Kumar pays tribute to Wajid Khan calls him talented and ever-smiling

बॉलीवुड चुस्की से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे