पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज दिल्ली रवाना हो गए। इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने के लिए वह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। कहा जा रहा है कि वे दिल्ली से विदेश के लिए रवाना हो जाएंगे। दिल्ली रवानगी से पूर्व तेजस्वी यादव ने विपक्षी एकता की बैठक को लेकर बातें की और विरोधियों पर तीखे तंज कसे।
वहीं अरविंद केजरीवाल की नाराजगी पर उन्होंने साफ कहा कि विपक्ष एकजुट है और विरोधियों की हवा निकाल देंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि पटना में विपक्षी दलों की ऐतिहासिक बैठक हुई है। बिहार की धरती ज्ञान की धरती है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है। बिहार की धरती पर बड़े- बड़े लोगों ने आंदोलन किए हैं।
साथ ही आंदोलन के जरिए बड़े परिवर्तन हुए हैं। बैठक में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के विपक्ष के सभी बड़े नेता एकमत हो करके भाजपा के खिलाफ आने की बात कही है। यहां कोई भी अपने हित की बात नहीं कर रहा है बल्कि जनता की मांग पर हमलोग एकजुट हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अब देश की जनता मोदी जी पर बात नहीं करना चाहती है। लेकिन इस बार का लोकसभा का चुनाव नेता नहीं जनता का चुनाव है। यह कोई विशेष व्यक्ति का चुनाव नहीं है। इस बार देशवासी के मुद्दे पर चुनाव होगा। तेजस्वी ने कहा कि सभी नेता गोलबंद हैं।
अरविंद केजरीवाल की नाराजगी पर उन्होंने पुन: दोहराया कि कहीं कोई नाराजगी नहीं है। सारी बातें हो चुकी है। किसी को कुछ कहना नहीं है, बहुत ही अच्छी बैठक हुई है। अगली बैठक शिमला में होगी, जहां आगे की रणनीतियां बनेंगी। वहीं, अमित शाह के फोटो सेशन वाले बयान पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वे लोग यही काम करते हैं। हमलोग जनहित में एकजुट हुए हैं।