Coronavirus: जिस ऑल इंग्लैंड में खेले सिंधु, साइना जैसे स्टार खिलाड़ी, वहां मौजूद रहा एक ताइवानी खिलाड़ी पाया गया कोरोना पॉजिटिव
By भाषा | Published: March 21, 2020 08:43 AM2020-03-21T08:43:01+5:302020-03-21T08:50:44+5:30
All England championship: ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में मौजूद रहे एक ताईवानी टीम के एक सदस्य को कोरोना वायरस के पॉजिटिव पाए जाने के बाद साइना नेहवाल और पी कश्यप ने हैरानी जताई है
नई दिल्ली: लंदन ओलंपिक कांस्य पदकधारी साइना नेहवाल सहित भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने इस रिपोर्ट पर हैरानी व्यक्त की है कि ताइवान राष्ट्रीय टीम के साथ अभ्यास करने वाले एक सदस्य को कोरोना वायरस की पॉजिटिव पाया गया है। यह खिलाड़ी ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दौरान बर्मिंघम में था।
डेनमार्क के खिलाड़ी एच के विटिंगस ने शुक्रवार को ताइवान मीडिया की रिपोर्ट साझा की कि 10 साल की उम्र के एक खेल छात्र को कोविड-19 का पाजीटिव पाया गया है जो ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के दौरान मौजूद था।
रिपोर्टों में कहा गया है कि वह ताइवान बैडमिंटन टीम का अभ्यास के दौरान जोड़ीदार था और माना जा रहा है कि उसने होटल से ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के एरिना तक टीम बस में यात्रा भी की थी।
साइना और पीवी सिंधु सहित शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था जो 11 से 15 मार्च तक आयोजित हुआ था।
साइना ने ट्वीट किया, ‘‘यह सुनकर काफी हैरान हूं। ’’ भारत की युगल खिलाड़ी अश्विनी पोनप्पा ने भी चिंता व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ओह नो। ’’ पारूपल्ली कश्यप और अजय जयराम ने भी रिपोर्ट पर भी चिंता व्यक्त की।