साइना नेहवाल डेनमार्क ओपन के फाइनल में हारीं, दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ने लगातार 11वीं बार दी मात
By अभिषेक पाण्डेय | Published: October 21, 2018 05:02 PM2018-10-21T17:02:36+5:302018-10-21T17:22:28+5:30
Saina Nehwal: साइना नेहवाल को डेनमार्क ओपन के फाइनल में चीनी ताइपे की ताइ यु जिंग के हाथों 21-13, 13-21, 21-6 से हार मिली है
साइना नेहवाल डेनमार्क ओपन के फाइनल में हारीं, दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताइ यु जिंग ने लगातार 11वीं बार दी मात। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को रविवार को डेनमार्क ओपन के फाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीनी ताइपे की ताइ जु यिंग के हाथों 21-13, 13-21, 21-6 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
ताइ जु जिंग के खिलाफ साइना नेहवाल का निराशाजनक प्रदर्शन डेनमार्क ओपन के फाइनल में भी जारी रहा और जिंग ने 52 मिनट तक चले मुकाबले में साइना को तीन सेटों में मात दे दी।
पहला मैच 21-13 से गंवाने के बाद साइना नेहवाल ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 21-13 से जीतते हुए उम्मीद जगाई लेकिन तीसरे सेट में ताइ यु जिंग ने बिना कोई मौका दिए 21-6 से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए मैच और खिताब दोनों अपने नाम कर लिया। साइना नेहवाल ने आखिरी बार 2012 में डेनमार्क ओपन का खिताब जीता था।
ताइ यु जिंग से पिछले पांच साल से नहीं जीती हैं साइना
यह ताइ यु जिंग की साइना के खिलाफ लगातार 11वीं और इस साल पांचवीं जीत है। इससे पहले उन्होंने अगस्त में जकार्ता एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में भी साइना को मात दी थी।
आलम ये है कि साइना नेहवाल यु जिंग के खिलाफ 2013 के बाद से कभी जीत ही नहीं पाई हैं और इन दोनों के बीच अब तक खेले गए कुल 18 मैचों में से यु जुंग ने 13 मैच जीते हैं जबकि साइना सिर्फ 5 मैच ही जीत पाई हैं।
सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मरिस्का को सिर्फ 30 मिनट में 21-11, 21-12 से मात देने वाली साइना फाइनल में ताइ यु जिंग को टक्कर नहीं दे पाईं।