रॉयल एनफील्ड की ये दो बाइक बन सकती हैं दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली 'बड़ी' मोटरसाइकिल
By रजनीश | Published: May 1, 2020 03:13 PM2020-05-01T15:13:54+5:302020-05-01T15:16:17+5:30
इंजन क्षमता और रेंज को देखें तो रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर और कांटिनेंटल जीटी का आंकड़ा अच्छा है और ऐसी बिक्री के दम पर ये दोनों दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली हेवी-कपैसिटी बाइक बन सकती हैं।
किसी समय 'बुलेट' के लिए मशहूर रॉयल एनफील्ड की चर्चा बीच के कुछ सालों में बिल्कुल कम हो गई। नई टेक्नॉलॉजी और कई सारे लेटेस्ट अपडेट के साथ रॉयल एनफील्ड एक बार फिर बाजार में आई और लोगों ने इसे खूब पसंद किया। कई शोरूम्स में तो पसंदीदा कलर वाली बुलेट के लिए 15 दिन से 1 महीने तक का वेटिंग पीरियड भी रहा। अब एक बार फिर रॉयल एनफील्ड की एक बाइक हैवी इंजन कपैसिटी वाली दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली बड़ी बाइक बन सकती हैं।
दरअसल रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 (Interceptor 650) और कांटिनेंटल जीटी 650 (Continental GT 650) बाइक नवंबर 2018 में लॉन्च हुई थी। अब तक कंपनी इन दोनों बाइक की 25,356 यूनिट बेच चुकी है। इनमें साल 2018 में 954 यूनिट, 2019 में 20134 यूनिट और 2020 मार्च तक 4200 यूनिट से ज्यादा की बिक्री हुई है।
ICN की रिपोर्ट के मुताबिक इंजन क्षमता और रेंज को देखें तो बिक्री का यह आंकड़ा अच्छा है और ऐसी बिक्री के दम पर ये दोनों दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली हेवी-कपैसिटी बाइक बन सकती हैं।
हाल ही में रॉयल एनफील्ड ने 650 इंटसेप्टर को BS6 में अपग्रेड किया है। इंटरसेप्टर 650 की कीमत 2.64 लाख से 2.85 लाख रुपये के बीच है। वहीं, कॉन्टिनेंटल जीटी 650 का दाम 2.80 लाख से 3.01 लाख रुपये के बीच है।
पावर
रॉयल एनफील्ड की इन दोनों ही बाइक्स में BS6 एमिशन वाला 648सीसी, पैरलल-ट्विन, एयर/ऑयल कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 7150rpm पर 46.8bhp का पावर और 5250rpm पर 52Nm टॉर्क जेनरेट करता है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग
रॉयल एनफील्ड की इन दोनों बाइक के फ्रंट में टेलेस्कोपिक फोर्क और रियर में ट्विन गैस-चार्ज्ड शॉक अब्जॉर्बर्स सस्पेशन के लिए दिए गए हैं। फ्रंट में 320mm और रियर में 240mm डिस्क ब्रेक हैं। दोनों बाइक ड्यूल-चैनल एबीएस से लैस हैं। इन दोनों ही बाइक्स में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।