हिरोशिमा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 सम्मलेन में भाग लेने के लिए जापान गए हुए हैं। पीएम मोदी की शनिवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से हिरोशिमा में मुलाकात हुई। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद पहली बार पीएम मोदी की जेलेंस्की से मुलाकात हुई है। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, "यूक्रेन युद्ध दुनिया में एक बड़ा मुद्दा है। मैं इसे केवल अर्थव्यवस्था, राजनीति का मुद्दा नहीं मानता, मेरे लिए यह मानवता का मुद्दा है।"
उन्होंने ये भी कहा, "युद्ध के समाधान के लिए हम जो कुछ भी कर सकते हैं, भारत और मैं करेंगे।" पीएम मोदी ने हिरोशिमा में जी7 समूह के शिखर सम्मेलन से इतर जेलेंस्की के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी जी7 समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन और चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद (क्वाड) समूह के शीर्ष नेताओं की बैठक में भाग लेने के लिए शुक्रवार को यहां पहुंचे थे।
पीएम मोदी जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की तीन देशों की यात्रा के पहले चरण के तहत यहां पहुंचे थे।