भौतिकी का इस साल का नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से जेम्स पीबल्स, मिशेल मेयर और डिडियेर क्वीलोज को दिया गया है। इन तीनों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अंतरिक्ष के क्षेत्र में उनके अनुसंधान और खोज के कारण दिया गया है।कनाडियाई-अमेरिकी जेम्स पीबल्स को 'फिजिकल कॉस्मोलॉजी' में सैद्धांतिक खोज के लिए भौतिकी का नोबेल दिया गया है। इस खोज ने उस समझ में और योगदान दिया है कि 'बिग बैंग' के बाद अंतरिक्ष कैसे विकसित होता चला गया।
वहीं, स्विट्जरलैंड के वैज्ञानिक मिशेल मेयर और डिडियेर क्वीलोज को सूर्य की तरह एक तारे की परिक्रमा करने वाले 'एक्सोप्लानेट' की खोज के लिए नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया है। एक्सोप्लानेट उस ग्रह को कहते हैं जो सौर मंडल से बाहर होते हैं। भौतिकी के नोबेल पुरस्कार विजेता को 910,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 6 करोड़ रुपये) दिये जाएंगे। इस लिहाज से पीबल्स को इसकी आधी राशि मिलेगी जबकि मेयर और क्वीलोज बची हुई राशि बाटेंगे। स्टॉकहोम में 10 दिसम्बर को एक कार्यक्रम में इन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इससे पहले सोमवार को अमेरिकी अनुसंधानकर्ताओं विलियम कालिन और ग्रेग सेमेंजा और ब्रिटेन के पीटर रैटक्लिफ ने चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार जीता। नोबेल असेंबली ने कहा इसकी घोषणा करते हुए कहा इन अनुसंधानकर्ताओं को यह पुरस्कार चिकित्सा क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण खोज के लिए दिया गया है।
बता दें कि स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में 2019 के लिए नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार से शुरू हुई है। इन पुरस्कारों के तहत 14 अक्टूबर तक 6 क्षेत्रों में नोबेल पुरस्कार विजेता का ऐलान होगा।