'अगला नंबर तुम्हरा है...' जेके राउलिंग को मिली जान से मारने की धमकी, रश्दी पर हमले पर दी थी प्रतिक्रिया

By शिवेंद्र राय | Published: August 14, 2022 10:09 AM2022-08-14T10:09:22+5:302022-08-14T10:11:41+5:30

सलमान रश्दी पर जानलेवा हमले की निंदा करने के लिए मशहूर उपन्यास हैरी पॉटर की लेखिका को जान से मारने की धमकी मिली है। जेके राउलिंग ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है। धमकी देने वाले ने कहा है कि रश्दी के बाद अब अगला नंबर तुम्हरा है।

JK Rowling received death threat for a tweet condemning the attack on Salman Rushdie | 'अगला नंबर तुम्हरा है...' जेके राउलिंग को मिली जान से मारने की धमकी, रश्दी पर हमले पर दी थी प्रतिक्रिया

हैरी पॉटर की लेखिका जेके राउलिंग

Highlightsहैरी पॉटर की लेखिका जेके राउलिंग को मिली जान से मारने की धमकीसलमान रश्दी पर हमले पर प्रतिक्रिया देने पर मिली धमकीधमकी देने वाले ने कहा, अगला नंबर तुम्हरा है

नई दिल्ली: बुकर पुरस्कार विजेता सलमान रश्दी पर जानलेवा हमले की निंदा करने पर प्रसिद्ध लेखिका जेके राउलिंग को जान से मारने की धमकी मिली है। 57 वर्षीय राउलिंग ने ट्विटर पर एक यूजर के धमकी भरे संदेश के स्क्रीनशॉट साझा कर के इस घटना की जानकारी दी है। 

प्रख्यात उपन्यास हैरी पॉटर की लेखिका जेके राउलिंग ने सलमान रश्दी पर चाकू से हमले की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि वह बहुत दुखी महसूस कर रही हैं और उम्मीद करती हैं कि रश्दी ठीक होंगे। रश्दी के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करने के लिए जेके राउलिंग को जान से मारने की धमकी मिली। एक यूजर ने लिखा, "चिंता मत करो, अगली तुम हो।" जिस ट्विटर हैंडल से हैरी पॉटर की लेखिका जेके राउलिंग को जान से मारने की धमकी दी गई उस यूजर ने सलमान रश्दी पर जानलेवा हमला करने वाले हादी मतार की भी प्रशंसा की है।

 

क्या हुआ था रश्दी के साथ

बता दें कि 'द सैटेनिक वर्सेज' के लेखक सलमान रश्दी पर अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ था। हमलावर ने रश्दी पर ताबड़तोड़ चाकू से 15 से 20 वार किए। इस हमले रश्दी बुरी तरह घायल हो गए। हमलावर हादी मतार को गिरफ्तार कर लिया गया। रश्दी की किताब 'द सैटेनिक वर्सेज' साल 1988 में प्रकाशित हुई थी। इस किताब पर ईशनिंदा का आरोप लगा था। इस किताब को लेकर ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों में विरोध प्रदर्शन हुए। रश्दी की किताब के लिए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खुमैनी ने रश्दी की हत्या करने का फतवा निकाला था। तब से सलमान रश्दी पर लगातार जान का खतरा बना हुआ था। 

फिलहाल अस्पताल में भर्ती रश्दी के स्वास्थ्य पर ताजा अपडेट यह है कि उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार रश्दी अब बात भी कर पा रहे हैं।

कौन हैं जेके राउलिंग

जेके राउलिंग का जन्म  31 जुलाई 1965 को इंग्लैण्ड के येट, ग्लोसेस्टरशायर नामक जगह पर हुआ था। वह मशहूर उपन्यास हैरी पॉटर की लेखिका है। जेके राउलिंग ने पहली बार हैरी पॉटर लिखने की शुरुआत साल 1990 में की थी। लेकिन शुरू में कोई भी प्रकाशक उनका उपन्यास छापने के लिए तैयार नहीं हुआ। बहुत मुश्किलों के बाद उनका पहला उपन्यास "हैरी पॉटर एंड द फिलोस्फर्स स्टोन" 1997 में प्रकाशित हुआ। इस उपन्यास ने दुनिया भर में धूम मचा दी। 1998 में जब अमेरिका में इस उपन्यास का दूसरा संस्करण "हैरी पॉटर एंड सोंर्सेरर्स स्टोन नाम से प्रकाशित हुआ तो कमाल ही हो गया। जेके राउलिंग पूरी दुनिया में मशहूर हो गईं। हैरी पॉटर सीरीज के सात उपन्यास छप चुके हैं और सातों पर फिल्म भी बन चुकी है।

Web Title: JK Rowling received death threat for a tweet condemning the attack on Salman Rushdie

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे