नए साल पर भारत में हुआ सबसे ज्यादा 60 हजार बच्चों का जन्म

By भाषा | Published: January 5, 2021 09:51 AM2021-01-05T09:51:13+5:302021-01-05T10:25:52+5:30

संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने कहा कि 2021 में 1.40 करोड़ बच्चों के जन्म का अनुमान है और उनकी औसत उम्र 84 साल होने की संभावना है।

India has the highest number of 60,000 new born children: UNICEF | नए साल पर भारत में हुआ सबसे ज्यादा 60 हजार बच्चों का जन्म

नए साल पर जन्मे बच्चों की करीब आधी संख्या 10 देशों से है।

Highlightsनए साल पर भारत में सबसे ज्यादा बच्चों का जन्म।चीन में 1 जनवरी को जन्मे 35,615 बच्चे।फिजी में हुआ साल 2021 के पहले बच्चे का जन्म।

संयुक्त राष्ट्र की बाल संस्था यूनिसेफ के अनुसार नववर्ष पर दुनियाभर में 3,71,500 से अधिक बच्चों का जन्म हुआ और इनमें सबसे अधिक करीब 60 हजार शिशुओं का जन्म भारत में हुआ है।

1 जनवरी 2021 को विश्वभर में 3 लाख 71 हजार बच्चों का जन्म 

यूनिसेफ ने कहा कि दुनियाभर में नए साल के पहले दिन 3,71,504 शिशुओं का जन्म हुआ। 2021 के पहले बच्चे का जन्म फिजी में और आखिरी बच्चे का जन्म अमेरिका में हुआ।

भारत में पैदा हुए 59 हजार 995 बच्चे

संस्था ने कहा कि विश्वभर में जन्में बच्चों की करीब आधी संख्या 10 देशों - भारत (59,995), चीन (35,615), नाइजीरिया (21,439), पाकिस्तान (14,161), इंडोनेशिया (12,336), इथियोपिया (12,006), अमेरिका (10,312), मिस्र (9,455), बांग्लादेश (9,236) और कांगो गणराज्य (8,640) से है।

यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक हेनरीटा फोर ने सभी देशों से 2021 को बच्चों के लिहाज से भेदभाव रहित, सुरक्षित और स्वस्थ वर्ष बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘‘आज के दिन जन्मे बच्चे यहां तक कि एक साल पहले जन्मे शिशुओं से भी अलग दुनिया में आए हैं। नया साल उनके लिए नए अवसर लेकर आए।’’

यूनिसेफ की स्थापना के 75 साल पूरे

वर्ष 2021 में यूनिसेफ की स्थापना के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर यूनिसेफ और इसकी सहयोगी संस्थाएं संघर्ष, बीमारी और जीवन जीने के अधिकार की रक्षा के साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों के लिए लिए किए गए कामों का जश्न मनाएंगी और इस अवसर पर कई कार्यक्रम का आयोजन तथा घोषणाएं करेंगी।

फोर ने कहा, ‘‘आज दुनिया वैश्विक महामारी, अर्थव्यवस्था में गिरावट, बढ़ती गरीबी और बढ़ती असमानता के दौर से गुजर रही है, ऐसे में यूनिसेफ के काम की हमेशा की तरह बहुत जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 75 साल से यूनिसेफ संघर्ष, विस्थापन, प्राकृतिक आपदाओं और संकट के दौर में दुनिया के बच्चों के लिए मौजूद रहा। नववर्ष के आगाज के साथ बच्चों के अधिकारों के प्रति हम अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं और यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उनके अधिकारों के लिए आवाज उठायी जाए, चाहे वह दुनिया के किसी भी कोने में रहें।’’ कोविड-19 को देखते हुए यूनिसेफ ने बच्चों के लिए ‘रीइमैजिन अभियान’ समेत कई कार्यक्रम शुरू किए।

Web Title: India has the highest number of 60,000 new born children: UNICEF

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे