रायबरेली में राहुल गांधी को दादा फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस मिला, सालों से विकास सिंह ने सहेजकर रखा हुआ था
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 20, 2026 17:59 IST2026-01-20T17:58:47+5:302026-01-20T17:59:30+5:30
रायबरेली प्रीमियर लीग के आयोजक मंडल के सदस्य विकास सिंह ने बताया कि वर्षों पहले एक कार्यक्रम के दौरान उनके ससुर को अचानक यह ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। तब से उन्होंने इसे सहेजकर रखा हुआ है।

file photo
रायबरेलीः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मंगलवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक व्यक्ति ने उनके दादा फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस उन्हें सौंपा। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दौरे के दूसरे दिन विकास सिंह नामक एक व्यक्ति ने फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा। विकास ने यह लाइसेंस सहेजकर रखा हुआ था। रायबरेली प्रीमियर लीग के आयोजक मंडल के सदस्य विकास सिंह ने बताया कि वर्षों पहले एक कार्यक्रम के दौरान उनके ससुर को अचानक यह ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। तब से उन्होंने इसे सहेजकर रखा हुआ है।
VIDEO | UP: Congress MP Rahul Gandhi (@RahulGandhi) handed driving license of his late grandfather Feroze Gandhi, at a function in Raebareli.
— Press Trust of India (@PTI_News) January 20, 2026
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/Qi9HI6ciJp
सिंह ने कहा कि उनके ससुर की जब मृत्यु हो गई तो उसके बाद उनकी सास ने भी इसे संभाल कर रखा। सिंह ने बताया कि इस बार राहुल गांधी के आने की जानकारी हुई तो उनकी सास ने कहा कि उनकी (राहुल गांधी) एक अमानत मेरे पास रखी है और इसे उन्हें ले जाकर दे दो।
विकास सिंह ने मंच पर राहुल गांधी को यह लाइसेंस दिया तो वह उसे देखते रहे और तुरंत वहीं से अपनी मां सोनिया गांधी को सोशल मीडिया के जरिये लाइसेंस की एक फोटो भेजी। राहुल ने उसके बाद लाइसेंस को अपने पास रख लिया। दिसंबर 1912 में जन्मे फिरोज गांधी ने 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में रायबरेली से चुनाव जीता था। उनका निधन सात सितंबर 1960 को हुआ था।