टाइटल में गांधी लगा देने से आप बाबा नहीं बन जाएगा?, गांधी जी ना बुलेट चलाते थे ना ही जींस टीशर्ट पहनते थे, तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर कसा तंज
By एस पी सिन्हा | Updated: January 21, 2026 16:55 IST2026-01-21T16:53:29+5:302026-01-21T16:55:01+5:30
गांधी का कौन अपमान करता है, कौन अपमान नहीं करता है, इसकी चिंता उनको क्यों है भाई। खुद तो बुलेट चलाते हैं, गांधी जी बुलेट चलाते थे क्या?

file photo
पटनाः जनशक्ति जनता दल(जजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बुधवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि नाम में गांधी लगाने से कुछ नहीं होता है। गांधी जी ना बुलेट चलाते थे ना ही जींस टीशर्ट पहनते थे। दरअसल, बुधवार को तेज प्रताप यादव से जब मीडियाकर्मियों ने सवाल किया कि राहुल गांधी आरोप लगा रहे हैं कि माहत्मा गांधी का अपमान किया जा रहा है। मनरेगा का नाम बदलकर गांधी जी का अपमान किया गया है। इसपर उन्होंने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा। राहुल गांधी के बयान को सुनते ही तेज प्रताप यादव के तेवर बदल गए और उन्हें तीखे स्वर में कहा कि गांधी का कौन अपमान करता है, कौन अपमान नहीं करता है, इसकी चिंता उनको क्यों है भाई। खुद तो बुलेट चलाते हैं, गांधी जी बुलेट चलाते थे क्या?
जींस शर्ट पहनते हैं गांधी जी जींस शर्ट पहनते थे क्या?" तेज प्रताप यादव ने कहा कि गांधी जी तो पूरे देश में चरखा चलाएं, खादी के वस्त्र को लाएं। खादी का प्रचलन किए तो राहुल गांधी खुद जींस और टी-शर्ट क्यों पहनते हैं? नहीं पहने जींस और टी-शर्ट। तेज प्रताप ने कहा कि, खुद तो राहुल गांधी मानते ही नहीं है गांधी जी को, खाली नाम में, टाइटल में गांधी लगा देने से आप बाबा नहीं बन जाएगा।
तेजप्रताप यादव का साफ कहना है कि महात्मा गांधी केवल एक विचारधारा नहीं बल्कि सादगी, संयम और त्याग का प्रतीक हैं। अगर कोई नेता गांधी जी के नाम और उनके आदर्शों की बात करता है, तो उसे अपने पहनावे और जीवनशैली में भी उनकी झलक दिखानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आधुनिक और महंगे कपड़े पहनकर गांधीवाद की बात करना महज दिखावा है।