गार्ड को गाली देने का वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 21, 2022 03:44 PM2022-08-21T15:44:59+5:302022-08-21T15:54:38+5:30
ऐसा बताया जा रहा है कि गार्ड द्वारा गेट खोलने में देरी को लेकर महिला का गार्ड से विवाद हुआ था। वायरल वीडियो में महिला गार्ड से गाली-गलौच कर रही है।
नोएडा: सोसायटी के गार्ड को गाली देने और उसके साथ बदतमीजी करने वाली महिला को नोएडा पुलिस के द्वारा हिरासत में ले लिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद 'गालीबाज' महिला पर कार्रवाई की गई है। ट्विटर पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने घटना का संज्ञान लिया और नोएडा पुलिस से महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
महिला की करतूत को लेकर स्वाति मालिवाल ने लिखा - ये किस प्रकार का घटियापन है
स्वाति मालिवाल ने ट्वीट किया, ये महिला सरेआम इस गार्ड से इतनी गुंडागर्दी और गाली गालौच कर रही है। ये किस प्रकार का घटियापन है। नोएडा पुलिस इस महिला के खिलाफ सख्त कार्यवाही बहुत ज़रूरी है।
गेट को देरी से खोलने पर हुआ विवाद
दरअसल, ऐसा बताया जा रहा है कि गार्ड द्वारा गेट खोलने में देरी को लेकर महिला का गार्ड से विवाद हो गया। वायरल वीडियो में महिला गार्ड से गाली-गलौच कर रही है। इतना ही नहीं वह एक गार्ड को उसकी वर्दी के कॉलर को भी पकड़ लेती है और उसके चेहरे पर वार करती है। महिला द्वारा वीडियो में बिहारी समुदाय को गालियां देते हुए भी सुना जा सकता है। घटना सेक्टर 126 थाना क्षेत्र के जेपी ग्रुप सोसायटी की है।
पिछले दिनों एक महिला से बदतमीजी करने पर श्रीकांत त्यागी की हुई थी गिरफ्तारी
यह घटना नोएडा में एक ऐसी ही घटना के बाद हुई है, जिसमें स्वघोषित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी एक हाउसिंग सोसाइटी में एक महिला को गाली देते और धक्का देते हुए देखा गया था। त्यागी को बाद में नोएडा पुलिस ने नोएडा सेक्टर 93बी में ग्रैंड ओमेक्स के परिसर में एक महिला को गाली देने और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।