भागलपुर: बिहार पुलिस का अजब कारनामा, रात में गश्ती लगा रही टीम घर के बाहर से पंखा उठकर ले गई, CCTV फुटेज दिखाने पर किया वापस
By विनीत कुमार | Published: October 2, 2022 07:46 AM2022-10-02T07:46:26+5:302022-10-02T07:47:41+5:30
बिहार के भागलपुर में पुलिस पर ही एक घर के बाहर से पंखा चुराने का आरोप लग गया। दरअसल, सीसीटीवी फुटेज में पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग की टीम एक घर के बाहर रखे टेबल फैन को उठकर वहां से जाती नजर आ रही है।
भागलपुर: सीसीटीवी की मदद से पुलिस द्वारा चोरों की पहचान करने और उन्हें पकड़े जाने का खबरें तो आपने खूब सुनी-पढ़ी होंगी। हालांकि बिहार के भागलपुर में जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। एक घर के बाहर से टेबल फैन गायब हो गया। सुबह जब शख्स ने ये देखा तो परेशान हो गया। बाद में उसने घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पता चला कि रात के अंधेरे में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने ऐसी हरकत की है। शख्स ने जब ये फुटेज पुलिस वालों को दिखाई, तब जाकर उसका पंखा वापस मिल सका।
पुलिस पर लगा पंखा चुराने का आरोप
दरअसल, पूरा मामला भागलपुर के ढोलबज्जा का है। नाइट पेट्रोलिंग पर निकले पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रोक एक घर के बाहर रखे टेबल फैन को उठा लिया और दबे पांव वहां से चलते बने। घटना 26 सितंबर की रात की है। ढोलबज्जा थाना पुलिस रात की गश्ती के लिए निकली थी। पुलिस दल गश्ती कर ही रहा था कि उनकी नजर सुबोध चौधरी के घर के बाहर रखे पंखे पर पड़ी।
इसके बाद देर रात करीब एक बजे पुलिस टीम ने गाड़ी रोक इस पंखे को उठा लिया और गाड़ी में रखकर चलते बने। सुबह जब सुबोध चौधरी ने देखा कि उनका टेबल फैन गायब था तो उन्होंने आसपास के लोगों से इसके बारे में पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि कोई जानकारी नहीं मिली।
इसी दौरान किसी ने उनके घर के पास लगे सीसीटीवी को चेक करने की सलाह दी। सीसीटीवी फुटेज जब देखा गया तो सभी हैरान हो गए। फुटेज में पुलिस पंखा को लेकर जाती नजर आ रही थी।
सीसीटीवी फुटेज बिहार के भागलपुर के ढोलबज्जा थाना क्षेत्र का है। यहां बीते सोमवार को नाइट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने घर के बाहर रखे पंखे को कैप्चर कर लिया। पंखा मालिक सुबोध चौधरी जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने कहा कि कोई पंखा नहीं लिया है। लेकिन सीसीटीवी देख, पंखा वापस करना पड़ गया। pic.twitter.com/mjJlZdX1Gt
— Shivam Bajpai (@JBreakingBajpai) October 1, 2022
इसके बाद सुबोध ने सीसीटीवी से मोबाइल पर रिकार्डिंग की और फिर थाने पहुंचकर उन्होंने वीडियो दिखाया। इसके बाद पुलिस ने गश्ती दल से पूछताछ की बात कही। मामला तूल पकड़ने लगा तो पुलिस ने सुबोध को बुलाकर पंखा वापस कर दिया।
ढोलबज्जा थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने कहा कि गश्ती के दौरान लवारिश हालत में पंखा सड़क किनारे पड़ा मिला था। इसलिए गश्ती दल के पुलिसकर्मी उसे अपने साथ थाने ले आए। उन्होंने कहा कि इससे पहले पुलिस वालों ने दरवाजा भी खटखटाया था लेकिन कोई जवाब नहीं आया था। उन्होंने कहा कि पुलिस पर लगे पंखा चोरी के आरो गलत है। उन्होंने कहा कि जिसका पंखा है, उनकी दुकान भी वहीं है। दुकान बंद करने के बाद वो पंखा घर के बाहर भूल गए थे।