'पता नहीं क्या होगा, डर लग रहा है'; कपिल के शो में अचानक 'सिद्धू' की हुई एंट्री पर बोलीं अर्चना पूरन सिंह
By अनिल शर्मा | Published: September 1, 2021 01:01 PM2021-09-01T13:01:43+5:302021-09-01T13:24:37+5:30
हाल ही में शो पर मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा बतौर मेहमान पहुंचे जहां कृष्णा अभिषेक ने जीतू जी यानी जितेंद्र बन काफी मनोरंज किया। इस बीच शो पर सिद्धू की भी एंट्री होती है जिसे देख अर्चना पूरन सिंह चौंक जाती हैं।
मुंबईः नवजोत सिंह सिद्धू ना सिर्फ राजनीति में चर्चा में बने हुए हैं बल्कि द कपिल शर्मा शो (The Kapil Sharma Show) में भी उनके नाम का जिक्र बराबर होता रहता है। सिद्धू के नाम पर अर्चना पूरन सिंह की टांग खिंचाई भी खूब होती है जो शो में सिद्धू की जगह उनकी कुर्सी पर बैठी नजर आती हैं।
महामारी के बाद द कपिल शर्मा शो एक बार लोगों का मनोरंजन करने लौट आया है। शो में पहले मेहमान के तौर पर अजय देवगन नजर आए तो जो अपनी फिल्म भुज का प्रोमोशन करने पहुंचे थे।
वहीं हाल ही में शो पर मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा बतौर मेहमान पहुंचे जहां कृष्णा अभिषेक ने जीतू जी यानी जितेंद्र बन काफी मनोरंज किया। इस बीच शो पर सिद्धू की भी एंट्री होती है जिसे देख अर्चना पूरन सिंह चौंक जाती हैं। दरअसल जितेंद्र के गेटअप में कृष्णा सबके लिए उपहार ले आते हैं, जिसमें एक उपहार अर्चना पूरन सिंह के लिए भी होता है।
कृष्णा अर्चना पूरन सिंह से कहते हैं कि आपके लिए बड़ा उपहार लेकर आया हूं तो आप मंच पर आ जाइए। अर्चना पूरन सिंह कहती हैं मुझे समझ में नहीं आ रहा है क्या होगा। मुझे डर लग रहा है। हालांकि अर्चना पूरन सिंह मंच पर पहुंचती हैं जहां उनके सामने एक बड़ा सा कार्टून पेश होता है। उस कार्टून बॉक्स को धीरे-धीरे खोला जाता है जिसमें से छोटा सिद्धू निकलते हैं। 'सिद्धू' को देख अर्चना चौंक जाती हैं।
और बच्चा सिद्धू कहता है- ओए गुरु लो मैं आ गया। और सीधे अर्चना की कुर्सी पर जाकर बैठ जाता है। कहता है- भले बढ़ जाए चर्बी भले बढ़ जाए तोंद, इस कुर्सी से मैं नहीं ऊठुंगा, क्योंकि बम पर लगा कर आया हूं गोंद। ओए ठोको ताली। बच्चा सिद्धू को देख अर्चना सिंह भी खूब ठहाके लगाती हैं।