Hanuman Jayanti 2021: बजरगं बली की किस मुहूर्त में आज नहीं करें पूजा, किन चीजों का हनुमान जी को लगाएं भोग, जानिए
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: April 27, 2021 08:24 AM2021-04-27T08:24:42+5:302021-04-27T08:25:36+5:30
Hanuman Jayanti 2021: भगवान राम के परमभक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव आज मनाया जा रहा है। हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को हनुमान जयंती मनाई जाती है।
Hanuman Jayanti 2021: हनुमान जयंती आज पूरे देश में मनाई जा रही है। हर साल चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस बार ये 27 अप्रैल को पड़ा है। मंगलवार का दिन होने से ये हनुमान जयंती और भी खास हो गई है।
कोरोना महामारी के कारण हालांकि ज्यादातर राज्यों में मंदिर बंद रहने वाले हैं। इसलिए घर रहकर ही आप भी हनुमान जयंती मनाएं और उनकी पूजा करें। इस दिन कई भक्त बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए व्रत भी रखते हैं।
हनुमान जयंती: पूजा का मुहूर्त, अशुभ मुहूर्त, और पूजा विधि
हनुमान जयंती पर इस साल सिद्धि योग बन रहा है। सिद्धि योग को शुभ योगों में गिना गया है। इस योग के दौरान मांगलिक कार्य भी किए जा सकते हैं। हनुमान जयंती के दिन भगवान श्रीराम की भी विधि-विधान से पूजा सभी को करनी चाहिए। ऐसी मान्यता है कि इससे हनुमान जी जल्दी प्रसन्न होते हैं।
साथ ही रामचरितमानस और बाल कांड, अयोध्या कांड, अरण्य कांड, किष्किन्धा कांड, सुन्दर कांड, लंका कांड एवं उत्तरकांड का भी विशेष पाठ कर सकते हैं। इस बार पूर्णिमा 26 अप्रैल 2021 को दोपहर 12 बजे शुरू होगी और 27 अप्रैल को 9 बजे तक रहेगी। ऐसे में सुबह पूजा-पाठ करना सर्वोत्तम है।
Hanuman Jayanti: अशुभ मुहूर्त में नहीं करें हनुमान जी की पूजा
दिन के अशुभ मुहूर्तों की बात करें तो राहु काल आज दोपहर 3.22 बजे से शाम 5.01 बजे तक है। इसके अलावा यमगण्ड सुबह 8.50 से 10.28 के बीच है। दुर्मुहूर्त सुबह 8.11 से 9.03 बजे तक है। वहीं, वर्ज्य मुहूर्त आधी रात को 1.03 बजे से 2.28 बजे तक है। इसके अलावा गुलिक काल दोपहर 12.06 बजे से 01.44 बजे तक रहने वाला है।
Hanuman Jayanti: बंजरंग बली को क्या भोग लगाएं
हनुमान जी से आशीर्वाद पाने और उन्हें खुश करने के लिए आप कई तरह के मिष्ठान, फल आदि का भोग उन्हें लगा सकते हैं। इसमें बेसन के लड्डू, तुलसी के बीज, बेसन का हलवा आदि शामिल हैं।
इसके अलावा जलेबी का भोग, मोतीचूर के लड्डू का भोग, लौंग आदि भी चढ़ा सकते हैं। हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए सिंदूर का लेप भी लगाने की परंपरा है।