पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: सोनिया, मनमोहन, राहुल होंगे स्टार प्रचारक, जी-23 नेताओं को जगह नहीं
By सतीश कुमार सिंह | Published: March 12, 2021 08:31 PM2021-03-12T20:31:33+5:302021-03-12T21:06:51+5:30
पश्चिम बंगाल में 27 मार्च, एक अप्रैल, छह अप्रैल, दस अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को अलग-अलग क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। प्रदेश में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं।
नई दिल्लीः कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की ओर से 40 स्टार प्रचारकों की जो सूची चुनाव आयोग को सौंपी गई है उनमें सोनिया, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम शामिल हैं।
इस सूची में महाराष्ट्र के किसी नेता का नाम नहीं है। बंगाल चुनाव के पहले चरण लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, कपिल सिब्बल जैसे असंतुष्ट नेताओं के नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं है। अब्दुल मन्नान, प्रदीप भट्टाचार्य, दीपा दासमुंशी, ए.एच. खान चौधरी, अभिजीत मुखर्जी, दीपेन्द्र हुड्डा, अखिलेश प्रसाद सिंह, रामेश्वर ओरांव, आलमगीर आलम, अजहरु द्दीन, जयवीर शेरगिल, पवन खेड़ा और बीपी सिंह शामिल हैं।
इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रणदीप सुरजेवाला, सचिन पायलट, अधीर रंजन चौधरी, जितिन प्रसाद, नवजोत सिद्धू और कई अन्य नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस वाम दलों और इंडियन सेक्युलर फ्रंट के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।
राज्य में 27 मार्च, एक अप्रैल, छह अप्रैल, दस अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को अलग-अलग क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। प्रदेश में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, राज बब्बर, मिलिंद देवड़ा, भूपिंदर सिंह हुड्डा, मनीष तिवारी, वीरप्पा मोइली, पीजे कुरियन, संदीप दीक्षित, जितिन प्रसाद को जगह नहीं मिली है।