बागी विधायक विश्वेंद्र सिंह बोले, 'अर्जुन है सचिन पायलट, कभी महाभारत का 'युद्ध' नहीं हारेगा...'

By पल्लवी कुमारी | Updated: July 31, 2020 12:24 IST2020-07-31T12:24:30+5:302020-07-31T12:24:30+5:30

अशोक गहलोत के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर 18 विधायक सचिन पायलट के साथ चले गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वह सारे 18 विधायक  गुड़गांव में हैं। 

Rajasthan Rebel Congress MLA Vishvendra Singh says Sachin Pilot is 'Arjun' we win | बागी विधायक विश्वेंद्र सिंह बोले, 'अर्जुन है सचिन पायलट, कभी महाभारत का 'युद्ध' नहीं हारेगा...'

कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह और सचिन पायलट (फाइल फोटो)

Highlights18 बागी विधायकों पर सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि उन्हें कांग्रेस विधायक दल की बैठकों में आना चाहिए, लेकिन वे भाजपा की गोद में बैठे हैं। सीएम अशोक गहलोत के खिलाफ बगावती तेवर को देखते हुए सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है।

जयपुर: राजस्थान की सियासत में हर दिन कुछ ना कुछ नया देखने को मिल रहा है। एक और खबर है कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार का समर्थन कर रहे विधायकों को शुक्रवार (31 जुलाई) को जयपुर से जैसलमेर ले जाया जाएगा। इसी बीच सचिन पायलट खेमे के बागी कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि सचिन पायलट महाभारत के अर्जुन की तरह हैं और वह यह महाभारत का 'युद्ध' कभी नहीं हारेंगे। 

शुक्रवार देर रात (30 जुलाई) सचिन पायलट को टैग करते हुए विश्वेंद्र सिंह ने लिखा, ''वो अर्जुन है ,कभी महाभारत का 'युद्ध' नहीं हारेगा। साथियों! विश्वास करो! वो "बाण" जीत का मारेगा।''

अशोक गहलोत की बागी विधायकों से अपील- कांग्रेस के साथ आकर खड़े हों बागी विधायक

18 बागी विधायकों का जिक्र करते हुए सीएम अशोक गहलोत ने गुरुवार (30 जुलाई) को कहा कि उन विधायकों को कांग्रेस विधायक दल की बैठकों में आना चाहिए, लेकिन वे भाजपा की गोद में बैठे हैं। सीएम गहलोत ने कहा, दुर्भाग्य से हमारे जो साथी गुड़गांव में बैठे हैं, वे आते नहीं है, जबकि सबको मालूम है कि राजस्थान में किस प्रकार का राजनीतिक माहौल बना हुआ है।

 विश्वेंद्र सिंह (फाइल फोटो)
विश्वेंद्र सिंह (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री अशोक गहलोक ने कहा, जिन्होंने कांग्रेस के चिह्न पर चुनाव जीता है, अगर उन्हें कोई नाराजगी है, तो वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में जाकर बात करते, प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जाकर बात करते, परन्तु वे लोग इतने दिनों से अलग होकर बैठे हुए हैं। मैं चाहूंगा कि उन्हें बैठकों में आना चाहिए। अगर उन्होंने कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर चुनाव जीता है, तो उनका पहला कर्तव्य है कि वे सरकार के साथ खड़े हों।

गहलोत ने कहा, जो लोग गये हैं... मुझे पता नहीं, उनमें से किन-किन लोगों ने पहली किस्त ली है। हो सकता है कि कई लोगों ने किस्त नहीं ली हो। मैं चाहूंगा कि उन्हें वापस आना चाहिए।

अशोक गहलोत (फाइल फोटो)
अशोक गहलोत (फाइल फोटो)

जयपुर से जैसलमेर शिफ्ट किए जाएंगे अशोक गहलोत समर्थक विधायक

कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार का समर्थन कर रहे विधायकों को शुक्रवार को जयपुर से जैसलमेर ले जाया जाएगा। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यहां के एक होटल में रुके अशोक गहलोत खेमे के कांग्रेस व समर्थक विधायकों को जैसलमेर ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायकों की बैठक होगी, जिसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संबोधित करेंगे। इसके बाद उन्हें जैसलमेर ले जाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ये विधायक 13 जुलाई से जयपुर के बाहर एक होटल में रुके हैं। विधानसभा का आगामी सत्र 14 अगस्त से होना है और तब तक ये विधायक एक साथ ही रुकेंगे। 

Web Title: Rajasthan Rebel Congress MLA Vishvendra Singh says Sachin Pilot is 'Arjun' we win

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे