पायलट गुट के विधायकों से पूछताछ के लिए SOG टीम पहुंची मानेसर, हरियाणा पुलिस ने दी होटल में प्रवेश की इजाजत, देखें वीडियो
By अनुराग आनंद | Published: July 17, 2020 07:02 PM2020-07-17T19:02:52+5:302020-07-17T19:51:56+5:30
पायलट गुट के विधायकों से पूछताछ के लिए SOG टीम पहुंची मानेसर, हरियाणा पुलिस ने होटल के बाहर रोका, देखें वीडियो
नयी दिल्ली: राजस्थान में जारी सियासी घमासान के बीच सरकार गिराने के वायरल हो रहे ऑडियो टेप मामले में राजस्थान पुलिस ने संजय जैन को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले में राजस्थान पुलिस कांग्रेस के बागी विधायकों से पूछने के लिए मानेसर पहुंच गई है।
मानेसर में होटल के बाहर राजस्थान पुलिस को हरियाणा पुलिस ने रोक दिया है। हरियाणा पुलिस कांग्रेस विधायकों से पूछताछ करने के लिए होटल के अंदर जाने से राजस्थान पुलिस ने पहले रोका और फिर वरीय अधिकारियों से बात होने के बाद स्थानीय पुलिस ने उन्हें होटल में प्रवेश करने की इजाजत दे दी है।
इसके साथ ही इस मामले में मिल रही जानकारी के मुताबिक, राजस्थान पुलिस इस मामले में भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भी पूछताछ कर सकती है।
#WATCH: A team of Special Operations Group (SOG) of Rajasthan Police arrives at the resort in Manesar where Congress MLAs are staying. #Haryanapic.twitter.com/Xg1V4aN6xq
— ANI (@ANI) July 17, 2020
सूत्रों की मानें तो बीकानेर के लूणकरणसर के मूल निवासी संजय जैन की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मानिक चंद सुराणा ने इसको लेकर सफाई दी है। मानिक चंद सुराणा ने कहा है कि संजय जैन से गजेंद्र सिंह शेखावत का कोई लेना देना नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस गजेंद्र सिंह शेखावत को फंसाने का काम कर रही है।
भाजपा ने इस आरोप को बताया मनगढंत व फर्जी-
भाजपा ने उन ‘ऑडियो क्लिप’ को शुक्रवार को मनगढ़ंत करार दिया, जिनका हवाला देते हुए कांग्रेस राजस्थान में अपनी सरकार गिराने की कोशिश करने का भगवा पार्टी पर आरोप लगा रही है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस अपना घर संभाल पाने में अक्षम रहने को लेकर हताशा में है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस बात का जिक्र किया कि कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सचिन पायलट के बगावत करने के शीघ्र बाद कहा था कि ‘एक घर में बर्तन होते हैं, तो वे बजते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस मनगढ़ंत ऑडियो से इन बर्तनों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। ’’
पात्रा ने कहा, ‘‘कांग्रेस अपना घर नहीं चला पाने का ठीकरा भाजपा के सिर फोड़ रही है, लेकिन जनता के सामने सच्चाई जगजाहिर है।’’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत तथा कांग्रेस के बागी विधायक भंवरलाल शर्मा को गिरफ्तार करने की मांग की।
सरकार को गिराने की काथित साजिश से जुड़ी दो ‘ऑडियो क्लिप’ सामने आई-
दरअसल, राज्य की अशोक गहलोत सरकार को गिराने की काथित साजिश से जुड़ी दो ‘ऑडियो क्लिप’ सामने आई है। सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह कोरोना वायरस महामारी के दौरान कांग्रेस सरकारें गिराने में व्यस्त हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री शेखावत ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इन ऑडियो रिकार्डिंग में उनकी आवाज नहीं है और वह किसी भी जांच का सामना करने को तैयार हैं।